यूरोपीय मिशन के लिए तैयार भारतीय महिला हॉकी टीम, 24 खिलाड़ियों को मिला मौका
Hockey India has announced the Indian Women’s Squad: भारत ने महिला एफआईएच प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण के लिए अपनी 24 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें मिडफील्डर सलीमा टेटे को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय टीम 14 से 29 जून तक लंदन, एंटवर्प और बर्लिन में ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, बेल्जियम और चीन के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलेगी। अभियान की शुरुआत 14 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से होगी।
भारत की महिला हॉकी टीम के यूरोपीय दौरे के लिए घोषित स्क्वॉड में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में गोलकीपर सविता और बीचू देवी खारीबाम भी शामिल हैं, जो गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी। डिफेंडर के तौर पर अनुभवी सुशीला चानू पुखरामबम, ज्योति, सुमन देवी थौदम, ज्योति सिंह, इशिका चौधरी और ज्योति छत्री टीम में शामिल हैं। मिडफील्ड की जिम्मेदारी वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सुजाता कुजूर, मनीषा चौहान, नेहा, सलीमा टेटे, लालरेमसियामी, शर्मिला देवी, सुनीता टोप्पो और महिमा टेटे के कंधों पर होगी।
🇮🇳🏑 24 strong and ready to roar! Hockey India has announced the Indian Women’s Squad for the European leg of the FIH Pro League 2024-25, kicking off June 14 in London. Led by Salima Tete, the team will take on Australia, Argentina, Belgium & China. Let the battles begin!… pic.twitter.com/93yuyFo6zk
— Doordarshan Sports (@ddsportschannel) May 12, 2025
भारत की महिला हॉकी टीम का यूरोपीय दौरे के लिए ऐलान
भारतीय महिला हॉकी टीम के यूरोपीय चरण के लिए 24 सदस्यीय स्क्वॉड में कई प्रमुख नाम शामिल हैं। फॉरवर्ड लाइन में दीपिका, नवनीत, दीपिका सोरेंग, बलजीत कौर, रुतुजा दादासो पिसल, ब्यूटी डुंगडुंग और साक्षी राणा का नाम है। स्टैंडबाय सूची में गोलकीपर बंसरी सोलंकी और डिफेंडर अजमीना कुजूर को रखा गया है।
टीम के चयन पर भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, "हमने एक संतुलित टीम बनाई है जिसमें अनुभव और युवा प्रतिभा का मिश्रण है। यूरोपीय चरण प्रो लीग का एक अहम हिस्सा है और हम दुनिया की कुछ सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ कठिन मुकाबलों के लिए तैयार हैं।"