हार्दिक पांड्या ने क्यों बदला ट्रेनिंग बेस, करियर बढ़ाने की तैयारी का बड़ा संकेत?
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपने करियर को लेकर अहम फैसला लिया है। चोट से वापसी की तैयारी कर रहे पांड्या अब बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को अपना स्थायी ट्रेनिंग बेस बनाएंगे। मौजूदा भारतीय खिलाड़ियों में ऐसा कदम उठाने वाले वह पहले बड़े क्रिकेटर माने जा रहे हैं।
अब तक राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी आमतौर पर चोट से उबरने, फिटनेस टेस्ट या विशेष कैंप के लिए ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचते थे। लेकिन हार्दिक का यह फैसला बताता है कि वह अपने करियर के अगले चरण को लंबी योजना के साथ आगे बढ़ाना चाहते हैं।
ट्रेनिंग के लिए बेंगलुरु में बनाया नया ठिकाना
बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक हार्दिक पांड्या ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के पास बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक घर किराए पर लिया है। वह अब अधिकतर समय वहीं रहकर ट्रेनिंग करेंगे। आईपीएल, घरेलू क्रिकेट या भारतीय टीम की जिम्मेदारियों से खाली रहने पर उनका पूरा फोकस इसी हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में अभ्यास और फिटनेस पर रहेगा।
मुंबई छोड़ने की वजह भी आई सामने
सूत्रों के अनुसार मुंबई में रोजाना घर से ट्रेनिंग सेंटर तक लंबी दूरी तय करना हार्दिक के लिए चुनौती बन गया था। ऐसे में उन्होंने ऐसी जगह रहने का फैसला किया, जहां आधुनिक मेडिकल सुविधाएं, फिटनेस एक्सपर्ट, रिहैब और नेट प्रैक्टिस एक ही परिसर में आसानी से उपलब्ध हो सके।
चोट से वापसी की तैयारी जारी
हार्दिक फिलहाल जांघ की चोट से उबर रहे हैं, जिसके कारण वह इंग्लैंड दौरे की सीमित ओवरों की सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके। पिछले छह महीनों में उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में लंबा समय बिताया है। बताया जा रहा है कि वह निजी फिजियोथेरेपिस्ट और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच के साथ भी लगातार काम कर रहे हैं ताकि पूरी फिटनेस हासिल की जा सके।
लंबे करियर की रणनीति पर नजर
बीसीसीआई सूत्रों का कहना है कि हार्दिक पांड्या का लक्ष्य अगले पांच से छह साल तक अंतरराष्ट्रीय सीमित ओवर क्रिकेट खेलना है। इसी उद्देश्य से उन्होंने ट्रेनिंग और रिकवरी को प्राथमिकता देते हुए बेंगलुरु को अपना स्थायी बेस बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक नेट अभ्यास के दौरान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के गेंदबाजों के साथ अतिरिक्त सेशन के लिए वह निजी तौर पर भी भुगतान करते हैं।
वापसी पर फैसला फिटनेस रिपोर्ट के बाद
हार्दिक की रिकवरी प्रक्रिया अभी जारी है और जल्द ही उनके फिर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लौटने की उम्मीद है। हालांकि फिटनेस प्रोटोकॉल पूरा होने के बाद उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ प्रस्तावित टी20 सीरीज के लिए चुना जाएगा या नहीं, इस पर अंतिम फैसला मेडिकल क्लियरेंस और चयनकर्ताओं की राय के बाद ही होगा।