IPL 2026: दिल्ली की प्लेऑफ उम्मीदों पर वैभव सूर्यवंशी का खतरा, आज RR-DC में होगी बड़ी भिड़ंत
आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में Delhi Capitals और Rajasthan Royals आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच यह अहम मुकाबला रविवार शाम 7:30 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
प्लेऑफ की रेस को देखते हुए यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजस्थान रॉयल्स जहां अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है, वहीं दिल्ली कैपिटल्स सातवें पायदान पर है। ऐसे में हारने वाली टीम के लिए आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
प्लेऑफ की दौड़ में RR की स्थिति मजबूत
राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन अब तक 11 मैचों में 12 अंक हासिल किए हैं और टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है। दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स ने 12 मैचों में 10 अंक जुटाए हैं। तकनीकी रूप से दोनों टीमें अभी भी प्लेऑफ की रेस में हैं, लेकिन राजस्थान की स्थिति दिल्ली के मुकाबले ज्यादा मजबूत मानी जा रही है।
वैभव सूर्यवंशी बन सकते हैं बड़ा खतरा
Vaibhav Suryavanshi इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने 11 मैचों में 440 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 237 का रहा है।सबसे खास बात यह है कि उन्होंने 440 में से 340 रन सिर्फ पावरप्ले में बनाए हैं। पावरप्ले में उनका स्ट्राइक रेट 241 का है और वह अब तक 30 छक्के जड़ चुके हैं।दिल्ली के गेंदबाज अगर शुरुआती ओवरों में उन्हें रोकने में नाकाम रहे तो मैच पूरी तरह राजस्थान के पक्ष में जा सकता है।
राहुल और जायसवाल के पास रिकॉर्ड बनाने का मौका
KL Rahul इस मैच में बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं। अगर वह 50 या उससे ज्यादा रन बना लेते हैं तो आईपीएल में उनके 50 फिफ्टी प्लस स्कोर पूरे हो जाएंगे। वहीं Yashasvi Jaiswal भी दो बड़े रिकॉर्ड के करीब हैं। उन्हें टी20 क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 3 रन की जरूरत है। इसके अलावा आईपीएल में 300 चौके पूरे करने के लिए उन्हें 6 चौकों की जरूरत है। ऐसे में जायसवाल की बल्लेबाजी पर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं।
दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें दिल्ली कैपिटल्स ने 16 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 15 मुकाबलों में सफलता मिली है। इस सीजन दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मुकाबला होगा। पहले मैच में दिल्ली ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं पिछले सीजन दोनों के बीच खेला गया मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा था, जिसमें दिल्ली ने बाजी मारी थी।
अरुण जेटली स्टेडियम में रन बरसने की उम्मीद
दिल्ली की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। छोटे बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के चलते यहां हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। दोनों टीमों के पास विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं, ऐसे में फैंस को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद रहेगी।