खेल

हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी करेगा बिहार, हॉकी इंडिया और राज्य खेल प्राधिकरण में MoU...

Bihar to host Hero Asia Cup 2025: बिहार का ऐतिहासिक शहर राजगीर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी के शानदार आयोजन के लिए तैयार है। हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी की घोषणा आज हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच हुए MoU साइनिंग के बाद की गई। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा।

यह राजगीर का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होगा। इससे पहले नवंबर 2024 में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का सफल आयोजन यहीं हुआ था, जिसमें भारत ने विजेता का खिताब अपने नाम किया था। इस बार भी राजगीर से खेल प्रेमियों को शानदार हॉकी का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।

एशिया कप 2025 में भिड़ेंगी आठ टीमें

हीरो एशिया कप 2025 के 12वें संस्करण में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, चीन और मलेशिया जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। बाकी दो टीमें क्वालिफाइंग टूर्नामेंट एएचएफ कप के माध्यम से टूर्नामेंट में अपनी जगह बनाएंगी।

पुरुषों के एशिया कप के इतिहास पर नजर डालें तो दक्षिण कोरिया सबसे सफल टीम रही है, जिसने अब तक पांच खिताब (1994, 1999, 2009, 2013 और 2022) अपने नाम किए हैं। इसके बाद भारत (2003, 2007 और 2017) और पाकिस्तान (1982, 1985 और 1989) हैं, जिन्होंने तीन-तीन बार यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है। इस बार के टूर्नामेंट में भी इन टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

विश्व कप क्वालिफायर के रूप में एशिया कप 2025 का महत्व बढ़ा

हीरो एशिया कप 2025 न सिर्फ एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है, बल्कि यह 2026 एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए क्वालिफाइंग इवेंट भी है। बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले इस विश्व कप के लिए एशिया कप की विजेता टीम सीधे क्वालीफाई करेगी। ऐसे में इस टूर्नामेंट का रोमांच कई गुना बढ़ जाएगा, क्योंकि सभी टीमें न सिर्फ खिताब बल्कि विश्व कप की सीट पक्की करने के लिए भी मैदान में पूरी ताकत झोंक देंगी।

बिहार के लिए गौरव का अवसर

राजगीर में हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी बिहार के लिए गर्व का विषय है। राज्य के खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने इस मौके पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन बिहार को एक प्रमुख खेल गंतव्य के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा। इससे नए हॉकी खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और राज्य में खेल का बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा।

हाल ही में विकसित राजगीर हॉकी स्टेडियम न केवल बिहार के खेल विकास का प्रमाण है, बल्कि यह पूरे एशिया की शीर्ष टीमों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। बिहार सरकार इस टूर्नामेंट को विश्व स्तरीय बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।