खेल

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर का भारतीय सिनेमा में डेब्यू! डेविड वॉर्नर का फर्स्ट लुक आया सामने, जानें कब रिलीज होगी फिल्म...

David Warner in Robinhood Movie : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर अब भारतीय सिनेमा में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह अपनी डेब्यू फिल्म "रॉबिन हुड" में कैमियो करते नजर आएंगे । बता दें फिल्म से उनका पहला लुक भी सामने आ चुका है। वॉर्नर अपने इस नए रोल को लेकर काफी उत्साहित हैं । वहीं भारतीय दर्शक भी उन्हें फिल्म में देखने के लिए काफी उत्सुक हैं। यह फिल्म उनके एक्टिंग करियर की नई शुरुआत हो सकती है जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।

डेविड वॉर्नर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर *रॉबिनहुड* फिल्म में अपने लुक को शेयर करते हुए इस फिल्म का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग का अनुभव उनके लिए बहुत मजेदार रहा। वॉर्नर ने लिखा, "भारतीय सिनेमा, मैं यहां आ गया हूं। *रॉबिनहुड* का हिस्सा होने को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। मैंने इस फिल्म की शूटिंग का खूब आनंद लिया।"

रॉबिनहुड फिल्म की रिलीज़ डेट का खुलासा

डेविड वॉर्नर ने अपने पोस्ट में यह भी खुलासा किया कि 'रॉबिनहुड' फिल्म की रिलीज़ डेट क्या होगी। उन्होंने लिखा, "यह फिल्म वर्ल्डवाइड 28 मार्च को रिलीज़ होगी।" इस घोषणा से वॉर्नर के फैंस को फिल्म के लिए और भी ज्यादा उत्साह हो गया है।

डेविड वॉर्नर को भारत और भारतीय सिनेमा से गहरा लगाव है। आईपीएल के दौरान जब वह भारत आते हैं, तो वह यहां का पूरा आनंद उठाते हैं। कई बार वह भारत को अपना दूसरा घर भी बता चुके हैं। इसके अलावा, वॉर्नर सोशल मीडिया पर अक्सर टॉलीवुड और बॉलीवुड गानों पर रील बनाकर शेयर करते हैं, जिससे उनकी भारतीय सिनेमा के प्रति दीवानगी साफ नजर आती है।

रॉबिनहुड फिल्म में लीड रोल में होंगे फेमस एक्टर नितिन

तेलुगु फिल्म "रॉबिन हुड" में मुख्य भूमिका निभाने वाले मशहूर अभिनेता नितिन एक चोर की भूमिका में नज़र आएंगे जो गरीबों की मदद करने के लिए अमीरों को लूटता है। फिल्म की कहानी हनी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बिना किसी व्यक्तिगत एजेंडे के, केवल साहस और निडरता से प्रेरित होकर कई डकैतियां करता है। नितिन का यह किरदार दर्शकों के सामने एक नई और दिलचस्प कहानी पेश करेगा।

डेविड वॉर्नर का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर

डेविड वॉर्नर तीनों फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं और उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी20 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने क्रमश: 8786, 6932 और 3277 रन बनाए हैं। आईपीएल में वॉर्नर पहले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते थे, जहां उनकी कप्तानी में टीम ने 2016 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। हालांकि, पिछले कुछ सालों में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई और इसी वजह से आईपीएल 2025 में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला।