ऑस्ट्रेलिया ने जीत संग ICC T20 वर्ल्ड कप को कहा अलविदा, ओमान 9 विकेट से हराया
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना सफर जीत के साथ खत्म किया। शुक्रवार को कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए आखिरी ग्रुप मुकाबले में उसने ओमान को 9 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की टीम 104 रन पर सिमट गई, जिसे कंगारू टीम ने आसानी से हासिल कर लिया।
मार्श-हेड की दमदार साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड ने 93 रन की शानदार साझेदारी की। मार्श ने अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूती दी, जबकि हेड ने 32 रन का योगदान दिया। इस साझेदारी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया।
जम्पा की फिरकी में फंसी ओमान
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी ने ओमान को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। लेग स्पिनर एडम जम्पा ने 4 विकेट झटके। ग्लेन मैक्सवेल और जैवियर बार्टलेट को 2-2 सफलताएं मिलीं। ओमान की ओर से वसीम अली ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए, लेकिन टीम को सम्मानजनक स्कोर तक नहीं पहुंचा सके।
दो हार बनीं बाहर होने की वजह
ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप-बी में श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। टीम ने आयरलैंड और ओमान को हराया, लेकिन यह प्रदर्शन सुपर-8 में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा। 2009 के बाद यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका।
ओमान का अभियान रहा फीका
ओमान के लिए यह टूर्नामेंट निराशाजनक साबित हुआ। टीम अपने चारों मुकाबले हार गई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले कप्तान ने जीत का दावा किया था, लेकिन टीम उस उम्मीद पर खरी नहीं उतरी। इस मैच के साथ ही ग्रुप स्टेज का समापन हो गया और अब 21 फरवरी से सुपर-8 के मुकाबले खेले जाएंगे।