महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं 'अनुपमा' फेम रूपाली गांगुली, बोलीं- जो भी हूं बाबा महाकाल की कृपा से हूं
उज्जैन। टीवी अभिनेत्री और 'अनुपमा' फेम रूपाली गांगुली गुरुवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लिया और नंदी हॉल में करीब दो घंटे तक बैठकर बाबा महाकाल की आरती के दर्शन किए। इस दौरान वह सिर पर दुपट्टा ओढ़े पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ आरती में शामिल रहीं।
जलाभिषेक कर लिया बाबा का आशीर्वाद
भस्म आरती के बाद रूपाली गांगुली ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने कहा, "मैं आज जो भी हूं, बाबा महाकाल की कृपा से हूं। जब भी मन विचलित होता है, मैं यहां आ जाती हूं। भस्म आरती का अनुभव शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।"
हर दो महीने में उज्जैन आने की करती हैं कोशिश
रूपाली ने बताया कि वह पहली बार वर्ष 2020 में महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आई थीं। इसके बाद से वह लगभग हर दो महीने में बाबा महाकाल के दर्शन करने का प्रयास करती हैं। इससे पहले भी वह जनवरी 2024, जनवरी 2025 और करीब चार महीने पहले महाकाल मंदिर पहुंच चुकी हैं।
'अनुपमा' और 'मोनिशा' के किरदार से मिली पहचान
कोलकाता में जन्मीं रूपाली गांगुली ने बचपन से अभिनय की शुरुआत की थी। उनके पिता अनिल गांगुली हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध निर्देशक रहे हैं। टीवी सीरियल 'अनुपमा' ने उन्हें देशभर में नई पहचान दिलाई, जबकि 'साराभाई वर्सेस साराभाई' में निभाया गया 'मोनिशा' का किरदार आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।