भोजपुरी अभिनेत्री मोनालिसा ने उज्जैन के महाकाल मंद

भस्म आरती में शामिल हुईं भोजपुरी स्टार मोनालिसा, नंदी के कान में कही मनोकामना

उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के भोजपुरी फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री मोनालिसा भस्म आरती में शामिल होने पहुंचीं। उन्होंने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की भस्म आरती देखी और विशेष पूजा-अर्चना की। तड़के करीब 3 बजे मंदिर पहुंचीं मोनालिसा भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आईं। महाकाल मंदिर में उनके दर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। श्रद्धालुओं ने भी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

नंदी हॉल में बैठकर देखी पूरी भस्म आरती

मोनालिसा ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की दिव्य भस्म आरती का दर्शन किया। आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। आरती समाप्त होने के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन और अभिषेक भी किया। मंदिर परंपरा के अनुसार उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

मंदिर समिति ने किया स्वागत

भस्म आरती के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अभिनेत्री का सम्मान और स्वागत किया गया। मंदिर प्रशासन ने उन्हें प्रसाद और पूजन सामग्री भी भेंट की। उज्जैन में लगातार फिल्म और टीवी जगत की हस्तियां बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रही हैं। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।

बिग बॉस 10 से मिली थी बड़ी पहचान

Bigg Boss में हिस्सा लेने के बाद मोनालिसा को देशभर में बड़ी पहचान मिली थी। इसके अलावा उन्होंने कई हिंदी टीवी धारावाहिकों में भी काम किया है। टीवी शो Nazar और Namak Ishq Ka में निभाए गए उनके किरदार काफी चर्चित रहे। खासकर नेगेटिव रोल में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने पसंद किया।

200 से ज्यादा भोजपुरी फिल्मों में किया काम

मोनालिसा ने भोजपुरी सिनेमा में 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने पवन सिंह, दिनेश लाल यादव और खेसारी लाल यादव जैसे बड़े सितारों के साथ कई हिट फिल्मों में काम किया है। भोजपुरी इंडस्ट्री के साथ-साथ हिंदी, बंगाली, ओड़िया, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों में भी उनकी सक्रिय मौजूदगी रही है।