बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने एक महिला को झांसे

Sagar Fraud : रास्ता पूछने के बहाने महिला से ठगी, कागजों का बंडल देकर जेवर किए गायब

Sagar Fraud : रास्ता पूछने के बहाने महिला से ठगी, कागजों का बंडल देकर जेवर किए गायब 

संजय पांडे,सागर: शहर के सबसे व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र कटरा बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने एक महिला को झांसे में लिया और पैसों का बंडल देने का लालच देकर उनके सोने के जेवर पार कर दिए। पीडि़ता जब तक कुछ समझ पाती, आरोपी रफूचक्कर हो चुके थे। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार ग्राम सेवारी निवासी वंदना यादव  पति रामजी यादव शनिवार को बैंक के काम और खरीदारी के सिलसिले में सागर आई थीं। कटरा बाजार में पैदल जाने के दौरान दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रास्ता पूछने के बहाने रोका। बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला को अपनी बातों में उलझाते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व उनके पीछे पड़े हैं और उनके पास रुपयों से भरा बैग है। बदमाशों ने महिला को सुरक्षा का झांसा देकर उनके गले की सोने की माला और कान के फूल उतरवा लिए और उनके हाथ में कपड़ों-कागजों से भरा एक बैग थमा दिया, जिसे उन्होंने नोटों का बंडल बताया। जेवर हाथ में आते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

बैग खोला तो निकले कागज के टुकड़े

आरोपियों के जाने के बाद जब महिला को संदेह हुआ और उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। बैग में न तो जेवर थे और न ही पैसे, उसमें महज कागज के टुकड़े भरे हुए थे। ठगी का अहसास होते ही पीडि़ता घबराकर सीधे कोतवाली थाने पहुंची और आपबीती बताई।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

मामला सामने आते ही कोतवाली पुलिस एक्टिव हो गई है। पुलिस की एक टीम कटरा बाजार और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के मार्ग और हुलिए की पहचान की जा सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मुख्य बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।