रेल यात्रियों के लिए दो बड़ी अपडेट, 23 हजार को मिला फ्री अपग्रेड तो कई ट्रेनें 15 दिन रहेंगी प्रभावित
पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों को एक साथ दो अहम जानकारियां दी हैं। एक ओर पिछले एक साल में 23 हजार से अधिक यात्रियों ने बिना अतिरिक्त किराया दिए उच्च श्रेणी में सफर का लाभ उठाया, वहीं दूसरी ओर कोटा स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के कारण 4 से 18 जुलाई तक कई ट्रेनों के संचालन और रूट में बदलाव किया गया है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले अपने ट्रेन का अपडेट जरूर जांच लेना चाहिए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नि:शुल्क टिकट अपग्रेड सुविधा उन यात्रियों को मिलती है, जिन्होंने टिकट बुकिंग के दौरान इस विकल्प का चयन किया हो और उच्च श्रेणी में सीटें उपलब्ध हों। वहीं कोटा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पुनर्विकास के चलते 15 दिनों तक कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और कुछ का संचालन आंशिक रूप से होगा।
फ्री टिकट अपग्रेड का हजारों यात्रियों ने उठाया लाभ
पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के मुताबिक, 1 जून 2025 से 31 मई 2026 के बीच भोपाल मंडल की 51 ट्रेनों में कुल 23,005 यात्रियों के टिकट स्वतः उच्च श्रेणी में अपग्रेड किए गए। इस सुविधा के तहत अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता। रेलवे का सिस्टम उपलब्ध सीटों के आधार पर यात्रियों को लोअर क्लास से हाई क्लास में स्थानांतरित कर देता है।
सबसे ज्यादा 8,296 यात्रियों का टिकट स्लीपर से थर्ड एसी में अपग्रेड हुआ। इसके अलावा 5,162 यात्रियों को स्लीपर से थर्ड एसी इकोनॉमी, 3,620 यात्रियों को थर्ड एसी से सेकेंड एसी और 2,402 यात्रियों को सेकेंड एसी से फर्स्ट एसी में यात्रा का मौका मिला। अन्य श्रेणियों में भी यात्रियों को उपलब्धता के आधार पर अपग्रेड सुविधा मिली।
15 दिन तक कई ट्रेनों के रूट और संचालन में बदलाव
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म-4 पर पुनर्विकास कार्य के लिए 4 जुलाई से 18 जुलाई तक ब्लॉक लिया जा रहा है। इस अवधि में कुछ ट्रेनों का संचालन बदले हुए प्लेटफॉर्म से होगा, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
14813/14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस इस दौरान कोटा स्टेशन नहीं जाएगी। यह ट्रेन 15 फेरों तक कोटा चंबल केबिन और गुड़ला होकर संचालित होगी तथा सोगरिया हाल्ट पर रुकेगी। वहीं 12181/12182 जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस और 11603 कोटा-बीना मेमू का संचालन प्लेटफॉर्म नंबर-3 से किया जाएगा।
बीना-कोटा मेमू सोगरिया तक ही चलेगी
रेलवे ने बताया कि 61633/61634 बीना-कोटा मेमू भी 4 से 18 जुलाई तक प्रभावित रहेगी। यह ट्रेन निर्धारित अवधि में कोटा स्टेशन तक नहीं जाएगी और केवल सोगरिया स्टेशन तक ही संचालित होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।