कांग्रेस की पूर्व मंत्री का मंच से कांग्रेसी पोल

महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस की पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधौ ने अपने ही नेताओं को बताया महिला विरोधी

प्रमोद दुबे

भोपाल : कल लोकसभा में महिला आरक्षण संविधान संशोधन बिल के गिर जाने के बाद एक तरफ जहां संपूर्ण देश में भारतीय जनता पार्टी  , कांग्रेस पार्टी  एवं समर्थक दलों के खिलाफ आंदोलन का आगाज कर चुकी है, दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी की ओर से सुबह प्रियंका गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इस बिल के विरोध का स्पष्ट कारण बताते हुए इस बिल के खिलाफ अपनी जीत साबित कर रही थी ‌। वहीं दूसरी और शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने अपनी ही तत्कालीन 20 वर्ष पूर्व की सरकार अर्थात कांग्रेस सरकार के मंत्री एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर आरोप लगाते हुए मंच से कहा कि तत्कालीन समय में महिला आरक्षण के 33% विषय पर सभी कांग्रेस के मंत्रियों ने विरोध जाहिर किया था ‌। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश , राष्ट्रीय स्तर तक सभी कांग्रेस के नेता इसके खिलाफ थे।

 कांग्रेस ने हारने वाली सीटों पर किया था महिलाओं का उपयोग 

शुक्रवार को रविंद्र भवन में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में हमेशा से खुलकर बोलने वाली पूर्व कैबिनेट मंत्री विजयलक्ष्मी साधो ने अपने वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ताओं के समक्ष स्पष्ट एवं आक्रोशित स्वर में कहा कि जब महिला आरक्षण का विषय आया था तब कांग्रेस पार्टी ने साथ नहीं दिया , एवं तत्कालीन समय में जहां पर कांग्रेस पार्टी की महिला उम्मीदवार हारने की स्थिति में थी , अथवा जहां कांग्रेस पार्टी को हार की उम्मीद थी, वहां पर महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया था ‌। यही सोच कांग्रेस की बेहद आपत्तिजनक रही। उन्होंने मंच से ही बैठे हुए पदाधिकारी के समक्ष इशारा करते हुए कहा कि उन स्थानों से कांग्रेस पार्टी की महिलाओं को  टिकट न दिया जाए जहां से उनके हारने की स्थितियां हो। हमारा उपयोग इसी तरह किया जाता रहा है। विजयलक्ष्मी ने स्पष्ट रूप से कहा कि हमारा उपयोग केवल खानापूर्ति के रूप में उपयोग करने के लिए किया जाता है।

 कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ महिला नेता ने अपने नेतृत्व एवं पार्टी को आइना दिखाया - भाजपा

कल शुक्रवार को जिस तरह से कांग्रेस पार्टी की पूर्व कैबिनेट मंत्री विजयलक्ष्मी ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को महिला आरक्षण विरोधी बताते हुए अपनी ही पार्टी को घेरा , तो दूसरी और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व कार्यालय मंत्री सत्येंद्र भूषण सिंह ने इस विषय पर स्वदेश से चर्चा करते हुए कहा कि -कांग्रेस पार्टी हमेशा महिला आरक्षण के विरुद्ध रही है। एवं अपनी पार्टी में महिलाओं को केवल उपयोग करने का साधन मात्र बना कर रखा है। उन्होंने कहा कि विजय लक्ष्मी जी एक वरिष्ठ एवं पूर्व कांग्रेस की मंत्री है एवं अपनी बेवाकी के लिए जानी जाती है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के असल चरित्र को उजागर किया है।

लेखक - प्रमोद दुबे