Panchayat Sachiv Video: 'फुल टल्ली' होकर नाचे पंचायत सचिव, वीडियो वायरल
डॉ अतुल मोहन सिंह, लखनऊ: राजधानी लखनऊ के माल ब्लॉक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। यहां तैनात पंचायत सचिव सदगुरु प्रसाद का शराब के नशे में धुत होकर डांस करने का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पंचायत सचिव जिंदगी इम्तेहान लेती है... गाने की धुन पर झूमते और मुजरा स्टाइल में डांस करते नजर आ रहे हैं।
दोस्तों ने सिर पर डाला पानी
वीडियो में देखा जा सकता है कि सचिव साहब नशे में इतने चूर थे कि उनके दोस्तों ने होश में लाने के लिए उनके सिर पर पानी तक डाला, लेकिन उनका खुमार कम होने का नाम नहीं ले रहा था। दिन-रात लोकतंत्र की सेवा का दावा करने वाले सचिव साहब जब अपनी मौज में मग्न थे, तभी किसी ने चोरी-छिपे उनका यह वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग
वर्षों से माल ब्लॉक में तैनात पंचायत सचिव का यह रूप देखकर स्थानीय लोग भी हैरान हैं। वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की जांच कराने और ऑन-ड्यूटी या पद की गरिमा को ताक पर रखने वाले पंचायत सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।