ARTO केस के बाद यूपी में भ्रष्ट अफसरों पर कसेगा शिकंजा; सरकार की तैयारी, विजिलेंस ने तेज की जांच
लखनऊ। यूपी में आय से अधिक संपत्ति रखने वाले अधिकारियों पर जल्द कार्रवाई का दौर शुरू हो सकता है। रिटायर्ड एआरटीओ ललित कुमार के घर विजिलेंस छापे में मिली करोड़ों की संपत्ति के बाद शासन ने भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की समीक्षा तेज कर दी है। विजिलेंस जांच में जिन अधिकारियों के खिलाफ पुख्ता सबूत सामने आए हैं उनके मामलों में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार आय से कई गुना ज्यादा संपत्ति जुटाने वाले कुछ अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
ARTO ललित कुमार के मामले ने बढ़ाई सख्ती
रिटायर्ड एआरटीओ ललित कुमार के खिलाफ विजिलेंस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में संपत्ति सामने आई थी। जांच के दौरान करीब 35 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला है। छापेमारी में 13 किलो सोना और 1.62 करोड़ रुपये नकद समेत कई संपत्तियों के दस्तावेज मिले थे। विजिलेंस अभी बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि संपत्ति के स्रोत और खरीद में लगे धन की जानकारी जुटाई जा सके।
कई विभागों के लंबित भ्रष्टाचार मामलों पर नजर
शासन ने विजिलेंस से भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर मामलों की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। इसमें वे मामले शामिल हैं जिनमें जांच काफी समय से चल रही है लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है। विजिलेंस अब आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों वाले मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की तैयारी में है। सरकार इन कार्रवाई के जरिए विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देना चाहती है।
ललित कुमार की बढ़ रही संपत्तियों की जांच
विजिलेंस की जांच में ललित कुमार की लखनऊ में कुछ और जमीनों का पता चला है। जांच एजेंसी को महोना और मोहनलालगंज क्षेत्र में तीन कृषि भूमि मिली हैं जिनकी कीमत का आकलन कराया जा रहा है। इसके अलावा कुछ अन्य संपत्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। विजिलेंस जल्द ही ललित कुमार को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी में है।
आय का हिसाब नहीं मिला तो हो सकती है गिरफ्तारी
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद संपत्तियों को खरीदने के लिए धन कहां से आया। अगर ललित कुमार अपनी आय और संपत्ति के बीच अंतर का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं तो गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हो सकती है। मामले में आयकर विभाग की जांच भी आगे बढ़ सकती है। विजिलेंस ने आरोपी का पासपोर्ट जब्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है ताकि जांच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
सरकार की कार्रवाई से विभागों में बढ़ी चिंता
ARTO मामले के बाद अन्य विभागों में भी भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच तेज होने के संकेत मिले हैं। विजिलेंस उन अधिकारियों पर नजर रख रही है जिनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति या अनियमितताओं की शिकायतें लंबित हैं। आने वाले दिनों में यूपी सरकार की कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है। खासतौर पर उन मामलों में तेजी आने की संभावना है जहां जांच एजेंसियों के पास पहले से पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।