CM योगी का बड़ा ऐलान; UP के शिक्षकों को मिला 1 करोड़ तक बीमा कवर, कैशलेस इलाज योजना शुरू
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा का बड़ा कदम उठाया है। वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसी योजना की शुरुआत की जिसके तहत शिक्षकों को दुर्घटना की स्थिति में 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा।
इस योजना के दायरे में सिर्फ नियमित शिक्षक नहीं बल्कि शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये और अन्य कर्मचारी भी शामिल किए गए हैं। सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ समझौते के जरिए यह सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। इसके साथ ही 12 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना भी शुरू की गई है।
शिक्षकों को मिलेगा दुर्घटना से सुरक्षा का बड़ा कवर
सरकार की नई व्यवस्था के तहत स्थायी शिक्षक और कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर और 1 करोड़ रुपये तक का स्थायी दिव्यांगता बीमा मिलेगा। इसके अलावा एयर एक्सीडेंट की स्थिति में 1.60 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त बीमा कवर भी उपलब्ध होगा। सरकार का कहना है कि किसी कर्मचारी के साथ अनहोनी होने पर परिवार को आर्थिक संकट से बचाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी जैसी जरूरतों के लिए भी सहायता का प्रावधान रखा गया है।
संविदा कर्मचारियों को भी मिलेगा बीमा लाभ
सरकार ने इस योजना में संविदा कर्मचारियों को भी शामिल किया है। 10 हजार रुपये से अधिक वेतन पाने वाले संविदा कर्मचारियों को 30 लाख से 80 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में भी उन्हें बीमा सुविधा मिलेगी। वहीं 10 हजार रुपये से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। इसके साथ उन्हें जीरो बैलेंस बैंक खाता और एटीएम कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
12 लाख शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। इस योजना का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कर्मचारियों से इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। शिक्षक और उनके आश्रित परिवार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में बिना भुगतान किए इलाज करा सकेंगे।
योगी बोले शिक्षा व्यवस्था में सामाजिक सुरक्षा जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसा किसी को बताकर नहीं आता। ऐसे में कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में जो पहल की है उसे दूसरे विभागों को भी अपनाना चाहिए। योगी ने शिक्षकों से स्कूलों के माहौल को बेहतर बनाने और बच्चों के भविष्य निर्माण पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की नींव तैयार करने का काम करते हैं।
बच्चों के खातों में भेजे गए 1200 रुपये
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिषदीय स्कूलों के करीब 1.10 करोड़ बच्चों के खातों में 1200 रुपये की राशि भी भेजी। यह पैसा यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और अन्य शैक्षणिक जरूरतों के लिए दिया गया है। कार्यक्रम में स्वच्छता और बेहतर स्कूल व्यवस्था के लिए काम करने वाले 12 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सरकार का कहना है कि शिक्षक कल्याण के साथ-साथ स्कूलों में बेहतर माहौल तैयार करना भी इस पहल का अहम हिस्सा है।