यूपी MLC चुनाव 2026: भाजपा ने घोषित किए 5 प्रत्याशी, सभी मौजूदा सदस्य रिपीट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान परिषद (MLC) चुनाव-2026 के लिए Bharatiya Janata Party ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने 2 स्नातक और 3 शिक्षक सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम जारी किए हैं। खास बात यह है कि सभी मौजूदा एमएलसी पर ही भाजपा ने दोबारा भरोसा जताया है।
भाजपा ने किन उम्मीदवारों को दिया टिकट
भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार-
लखनऊ स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह
आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो
लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश कुमार द्विवेदी मेरठ शिक्षक सीट से श्रीचंद्र शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है।
कुर्मी और शिक्षक वर्ग पर भाजपा का फोकस
लखनऊ स्नातक सीट से उम्मीदवार बनाए गए अवनीश सिंह पटेल को कुर्मी समाज में मजबूत पकड़ वाला नेता माना जाता है। वहीं शिक्षक सीटों पर ऐसे चेहरों को उतारा गया है, जिनकी वित्तविहीन शिक्षकों और शिक्षक संगठनों में अच्छी पकड़ बताई जाती है।
सपा और कांग्रेस अलग-अलग मैदान में
लोकसभा चुनाव में साथ लड़ने वाली समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस बार विधान परिषद चुनाव अलग-अलग लड़ रही हैं। समाजवादी पार्टी पहले ही 10 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जबकि कांग्रेस ने 5 प्रत्याशियों के नाम जारी किए हैं।
सपा ने भी कई पुराने चेहरों पर जताया भरोसा
सपा ने वाराणसी-मिर्जापुर स्नातक सीट से आशुतोष सिन्हा और मिर्जापुर-वाराणसी शिक्षक सीट से लाल बिहारी यादव जैसे मौजूदा सदस्यों को फिर मौका दिया है। इसके अलावा कई नए उम्मीदवारों को भी मैदान में उतारा गया है।
विधान परिषद में भाजपा मजबूत स्थिति में
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में फिलहाल भाजपा के सबसे अधिक सदस्य हैं। सदन में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की मजबूत स्थिति को देखते हुए पार्टी इस चुनाव में अपना प्रभाव बरकरार रखने की रणनीति पर काम कर रही है।
दिसंबर 2026 में होंगे चुनाव
शिक्षक और स्नातक कोटे की 11 सीटों पर चुनाव दिसंबर 2026 में प्रस्तावित हैं। राजनीतिक दलों ने अभी से संगठनात्मक तैयारी और मतदाता संपर्क अभियान तेज कर दिया है।