उज्जैन बस हादसा: ओवरटेक करने की वजह से बारातियों से भरी बस पलटी, 15 घायल
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सड़क निर्माण के बीच ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
घटना इंगोरिया थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार बस इंदौर से खाचरोद जा रही थी। जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था।बताया जा रहा है कि बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई।
प्रशासन ने घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया ले जाया गया।गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को उज्जैन रेफर किया गया है, जिनमें 2 को सिर में गंभीर चोट आई है। मौके पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राहत-बचाव कार्य संभाला।
महिलाएं और बच्चे भी घायल
नायब तहसीलदार के अनुसार घायलों में 13 महिलाएं, 4 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। अन्य घायलों का इलाज खाचरोद के अस्पताल में जारी है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की, जिससे राहत कार्य तेजी से पूरा किया जा सका। प्रशासन के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और सड़क निर्माण क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।