त्विषा शर्मा केस में समर्थ सिंह के सरेंडर ड्रामे क

त्विषा केस में नया बवाल, ‘जज के कमरे में छिपा था समर्थ’ वाले आरोप से मचा हड़कंप

Twisha Sharma Husband Surrender

त्विषा शर्मा मौत मामले में शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मृतका के वकील ने आरोपी समर्थ सिंह को लेकर गंभीर आरोप लगा दिए। दावा किया गया कि सरेंडर से पहले समर्थ जिला जज के कमरे में बंद दरवाजे के पीछे बैठा था। इसी बीच समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि वह अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था।, लेकिन उससे पहले उसने हाईकोर्ट में दायर अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली। मामले ने अब सिर्फ संदिग्ध मौत की जांच ही नहीं रह गई है। अब यह न्यायिक प्रक्रिया और प्रभावशाली पहुंच को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।

कोर्ट पहुंचा समर्थ लेकिन मीडिया से बचता रहा

शुक्रवार शाम जब समर्थ सिंह जिला अदालत पहुंचा तो मीडिया ने उसे घेर लिया। हालांकि उसने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। समर्थ ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क और आंखों पर काला चश्मा लगा रखा था। बताया जा रहा है कि त्विषा शर्मा की मौत के बाद से ही वह लगातार गायब था। उसके वकील सौरभ सुंदर ने मीडिया से कहा कि समर्थ ने अग्रिम जमानत अर्जी वापस लेने के बाद सरेंडर का फैसला किया है।

‘जज के कमरे में बैठा था समर्थ’

मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब त्विषा शर्मा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने अदालत परिसर में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मीडिया के सामने आने से पहले समर्थ कोर्ट नंबर 32 में मौजूद जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कमरे में बैठा था और दरवाजा बंद था। वकील ने सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकार के तहत आरोपी को वहां बैठने की अनुमति दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दरवाजा खुलवाने के बाद समर्थ वहां से निकलकर बार एसोसिएशन के चैंबर में चला गया। इन आरोपों के बाद कोर्ट परिसर में भारी हलचल मच गई।

हाईकोर्ट में वापस ली अग्रिम जमानत याचिका

इससे पहले दिन में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी। लेकिन सुनवाई के दौरान ही उसके वकील ने याचिका वापस लेने का अनुरोध कर दिया। अदालत ने आवेदन निरस्त कर दिया, जिसके बाद सरेंडर की कोशिश शुरू हुई। अब पुलिस के लिए आरोपी के खिलाफ सीधी कानूनी कार्रवाई का रास्ता और आसान माना जा रहा है।

दिल्ली AIIMS की टीम करेगी दूसरा पोस्टमॉर्टम

इधर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने त्विषा शर्मा का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली AIIMS के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंचकर पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। साथ ही पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि दोबारा पोस्टमॉर्टम तक शव को सुरक्षित रखा जाए।

CBI जांच की ओर बढ़ा मामला

त्विषा शर्मा केस अब राज्य सरकार से लेकर केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंच चुका है। मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेज दिया है। इससे पहले मृतका के पिता नवनिधि शर्मा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी मिले थे। परिवार लगातार दावा कर रहा है कि यह सामान्य मौत का मामला नहीं है और पूरी जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। अब पूरे मामले में अगला बड़ा कदम CBI जांच और पुलिस कार्रवाई को माना जा रहा है।