ट्विशा शर्मा डेथ केस में जेल भेजी गईं रिटायर्ड जज

ट्विशा शर्मा केस: जेल में पहली रात रिटायर्ड जज सास ने ली चैन की नींद, पति समर्थ बेचैन रहा

एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा डेथ केस में सास और पति को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। यहां आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की जेल में पहली रात सामान्य दिनचर्या के बीच गुजरी। जेल प्रशासन के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने आराम से पूरी रात नींद ली। वहीं, समर्थ सिंह काफी घबराया हुआ नजर आया और देर रात तक बैरक में करवटें बदलता रहा।

जेल पहुंचते ही कराया गया मेडिकल चेकअप

मंगलवार शाम भोपाल सेंट्रल जेल पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग बैरकों में रखा गया। जेल नियमों के अनुसार शाम को दोनों को सामान्य कैदियों की तरह भोजन दिया गया। इसमें कढ़ी-पकौड़े और रोटियां शामिल थीं।

किसी विशेष सुविधा की नहीं की मांग

जेल प्रशासन के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने किसी विशेष भोजन या सुविधा की मांग नहीं की। हालांकि गिरिबाला सिंह ने चने की दाल खाने से इनकार किया। बाकी भोजन उन्होंने सामान्य रूप से लिया। बुधवार सुबह दोनों को जेल के तय मेन्यू के अनुसार नमकीन दलिया और चाय दी गई। गिरिबाला और समर्थ ने एक जैसी डाइट ली। अधिकारियों से बातचीत के दौरान गिरिबाला सिंह ने कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है और उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है।

मेडिकल रिपोर्ट में दोनों स्वस्थ

जेल प्रशासन के अनुसार, गिरिबाला सिंह पूरी तरह स्वस्थ पाई गईं और उन्होंने किसी नियमित दवा के सेवन से भी इनकार किया। वहीं, समर्थ सिंह ने भी खुद को शारीरिक रूप से फिट बताया। उसका विस्तृत मेडिकल परीक्षण बाद में किया जाना था।

बड़े बेटे सिद्धार्थ ने जेल में की मुलाकात

बुधवार सुबह गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से मिलने उनके बड़े बेटे सिद्धार्थ जेल पहुंचे। उन्होंने पहले समर्थ और फिर अपनी मां गिरिबाला सिंह से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान परिवार ने मामले को लेकर चर्चा की।

कैदी नंबर से नई पहचान

भोपाल सेंट्रल जेल में गिरिबाला सिंह को महिला विंग के मेडिकल सेक्शन में रखा गया है। जेल रिकॉर्ड में उन्हें कैदी नंबर 71 आवंटित किया गया है। वहीं समर्थ सिंह को बैरक नंबर-4 के बी सेक्शन में रखा गया है, जहां अन्य कैदियों के साथ उसे कैदी नंबर 1782 दिया गया है। दोनों आरोपियों को जेल नियमों के अनुसार थाली, कटोरी, चादर और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया है। जेल की नियमित दिनचर्या के तहत सुबह चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम की चाय और रात का खाना दिया जा रहा है।

कोर्ट में मीडिया ट्रायल का मुद्दा उठा

न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से पहले कोर्ट में सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह की ओर से उनके वकीलों ने पक्ष रखा। इस दौरान गिरिबाला सिंह ने ट्विशा शर्मा पक्ष के वकीलों पर मीडिया ट्रायल कराने का आरोप भी लगाया।