मध्य प्रदेश को रेलवे की बड़ी सौगात, 5 अगस्त से चलेगी प्रयागराज-यशवंतपुर स्पेशल ट्रेन, जानें रूट
छतरपुर। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। उत्तर मध्य रेलवे ने 5 अगस्त से प्रयागराज-यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू करने का फैसला किया है। 23 कोच वाली यह ट्रेन छतरपुर, खजुराहो, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी और नागपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे बेंगलुरु में नौकरी, व्यवसाय और पढ़ाई कर रहे बुंदेलखंड के लोगों को त्योहारों के दौरान सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
स्पेशल ट्रेन का रूट और स्टॉपेज
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04149 5 अगस्त से 23 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार शाम 6 बजे प्रयागराज से रवाना होगी। यह गुरुवार रात 1:40 बजे खजुराहो, 3:08 बजे छतरपुर, 4:20 बजे टीकमगढ़ और 5:28 बजे ललितपुर पहुंचेगी। इसके बाद बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नागपुर और सिकंदराबाद होते हुए शुक्रवार रात 9 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। 2,336 किलोमीटर की दूरी ट्रेन करीब 51 घंटे में तय करेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04150 8 अगस्त से 26 सितंबर तक प्रत्येक शनिवार सुबह 7 बजे यशवंतपुर से रवाना होगी। यह रविवार शाम 6:18 बजे ललितपुर, 7:10 बजे टीकमगढ़, 8:30 बजे छतरपुर और 9:20 बजे खजुराहो पहुंचने के बाद सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वापसी का सफर करीब 47 घंटे 30 मिनट का होगा।
स्पेशल ट्रेन में लगेंगे 23 कोच
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 23 कोच लगाए गए हैं। इनमें 1 सेकेंड एसी, 2 थर्ड एसी, 11 स्लीपर, 7 जनरल और 2 लगेज-कम-ब्रेक वैन कोच शामिल हैं। ट्रेन अपने मार्ग में मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, बल्लारशाह, काजीपेट, रायचूर और गुंतकल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर भी ठहरेगी। रेलवे ने यात्रियों से टिकट रेलवे काउंटर या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अग्रिम बुक कराने की अपील की है।