शादी के 45 दिन बाद कमरे में दफन मिली पत्नी, पति समेत तीन पर हत्या का केस
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक नवविवाहिता का शव उसके ससुराल के कमरे में दफन मिला। आरोप है कि हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को घर के भीतर ही दफना दिया गया।
मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव का है। संतकबीरनगर निवासी सफीदुन्निशा ने शिकायत में बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी मुफीदुन की शादी एक जून को शमशेर अहमद से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था और बाद में उसकी हत्या कर शव घर के एक कमरे में दफना दिया गया।
कमरे से निकलवाया गया शव
शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की खुदाई कर शव बरामद किया। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
परिजनों ने पहले से जताया था शक
मृतका के परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ दिन पहले पति ने फोन कर बताया था कि उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई है। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन बाद में हत्या की आशंका गहरा गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान शव घर के भीतर दफन मिला, जिसके बाद मामला हत्या में दर्ज कर लिया गया।