पोहरी चोरीकांड का 36 घंटे में खुलासा, 25 लाख का माल बरामद; 50 हजार का इनामी समेत 3 गिरफ्तार
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इस वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये का चोरी का माल, नकदी, बाइक, लोहे की तिजोरी और एक अवैध देशी बंदूक बरामद की है।
दरअसल, 24 जून की रात पोहरी निवासी अनुज शर्मा के घर में ताला और कुंडी काटकर चोर दाखिल हुए थे। बदमाश सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद, तीन क्विंटल वजनी तिजोरी और पल्सर बाइक लेकर फरार हो गए थे। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
चोरी के बाद ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध आईटीआई कॉलेज के पीछे नाले के पास चोरी के माल के बंटवारे की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रामनिवास मोगिया, श्रीवल्लभ उर्फ रणछोर पारदी तथा रामेश्वर गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में श्रीवल्लभ के पास से अवैध देशी बंदूक भी बरामद हुई।
मिट्टी में दबाकर छिपाया था पूरा माल
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का सामान रामेश्वर गोस्वामी के खेत के पास नाले किनारे मिट्टी में दबाकर छिपाने की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद, पल्सर मोटरसाइकिल, लोहे की तिजोरी और अन्य सामान बरामद किया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
इनामी बदमाश का कई राज्यों में आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी श्रीवल्लभ पारदी अंतरराज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उस पर राजस्थान के कोटा रेंज से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश और राजस्थान में हत्या, डकैती, लूट, चोरी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। वहीं रामनिवास मोगिया पर भी मध्य प्रदेश और राजस्थान में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तेज कार्रवाई का किया दावा
पुलिस एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से 36 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया गया। मामले में आगे की पूछताछ जारी है।