शिवपुरी के करैरा से विधायक प्रीतम लोधी ने बेटे की

बेटे से पूछताछ के बाद भड़के विधायक प्रीतम लोधी, वीडियो जारी कर एसडीओपी को कहा- क्या तुम्हारे डैडी का है करैरा?

शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने वीडिय जारी कर पुलिस अधिकारी SDOP आयुष जाखड़ से कहा है कि करैरा तुम्हारे डैडी का है क्या? विवाद बिधायक के बेटे की कार से सड़क दुर्घटना और उसके बाद की पुलिस कार्रवाई से जुड़ा हुआ है।

बेटे के एक्सीडेंट केस से शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला 16 अप्रैल को हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा है, जिसमें एक थार वाहन ने बाइक और पैदल चल रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में विधायक के पुत्र दिनेश लोधी पर एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त किया था। पुलिस ने जांच के दौरान थार वाहन पर काली फिल्म और हूटर पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। इसके बाद कोर्ट के आदेश के अनुसार दिनेश लोधी को पूछताछ के लिए करैरा थाने बुलाया गया, जहां SDOP आयुष जाखड़ ने उनसे पूछताछ की। 

वीडियो में क्या बोले प्रीतम लोधी

दुर्घटना के बाद विधायक पुत्र भी बिगड़े बोल बोलता दिखाई दिया था, यह मामला अभी थमा भी नहीं था कि विधायक के बिगड़े बोल सामने आ गए हैं। उन्होंने पुलिस के साथ साथ दिल्ली दरबार को भी कटघरे में खड़ा किया। लोधी ने देश की राजधानी का जिक्र करते हुए कहा है कि शिवपुरी एसपी बार-बार कह रहे हैं कि उन्हें दिल्ली से मैसेज आ रहे हैं, विधायक ने कहा है कि "क्या उन्हें दिल्ली से मोदी जी, अमित शाह जी या महाराज कह रहे हैं", प्रीतम लोधी इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने आगे बोलते हुए कहा है कि "इस पूरी कार्रवाई में मैने खुद पुलिस को मदद की है या नहीं और दिल्ली से एसपी को कौन के फोन आ रहे हैं, इस बात को 15 दिन के भीतर स्पष्ट करें अन्यथा की स्थिति में वह दस हजार लोगों की भीड़ को लेकर करैरा एसडीओपी के बंगले में गोबर भरवा देंगे।"

 इसके बाद विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने SDOP आयुष जाखड़ पर तीखी टिप्पणी की। विधायक ने कहा कि “करैरा किसी के डैडी की जागीर नहीं है” और अपने बेटे के करैरा आने और चुनाव लड़ने की बात भी कही। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई मामलों में कार्रवाई में देरी होती है, लेकिन उनके मामले को अधिक तूल दिया गया।

पुलिस की ओर से बताया गया कि पूरे मामले में नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है। वाहन की जांच, चालानी कार्रवाई और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया कानून के तहत की गई है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की गई है।   

पहले भी विवादित बयान दे चुके हैं लोधी

प्रीतम लोधी पहले पहले भी कई बार विवादित बयान देते रहे हैं उन्होने अगस्त 2022 में ब्राह्मणों, कथावाचकों पर विवादास्पद बयान दिया है। लोधी ने कहा, था "कथावाचक सहित पंडित आपको पागल बनाते हैं। ये लोग दक्षिणा लेकर रफू चक्कर हो जाते हैं। ये कथावाचक कम उम्र की महिलाओं को आगे बिठाते हैं। इनकी नजर कहीं और ही होती है।"  बयान के बाद बीजेपी ने नोटिस दिया था और पुलिस ने केस भी दर्ज किया था। 

अक्टूबर 2022 में ‘बंदूक उठाने’ वाला बयान वायरल हुआ था जो बीजेपी से निष्कासन के बाद  सामने आया, जिसमें वे समर्थकों को कथित तौर पर “बंदूक उठाने” और विरोधियों को सबक सिखाने की बात कहते नजर आए। इसके अलावा बागेश्वर धाम के पीठाधीस्वर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ भी कई विवादित बयान दिए थे।