नाश्ता बनाते समय जोरदार धमाका, छत ढही; 4 साल की जाह्नवी की मौत, परिवार के 4 सदस्य गंभीर
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना क्षेत्र के गुड़र गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में नाश्ता बनाते समय हुए जोरदार विस्फोट से मकान की छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं। हादसे में 4 वर्षीय मासूम जाह्नवी प्रजापति की मलबे में दबने और आग की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
स्कूल भेजने की तैयारी के बीच हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 8:30 बजे प्राण सिंह प्रजापति के घर में हुई। उनकी पत्नी रोशनी प्रजापति एलपीजी गैस चूल्हे पर नाश्ता बना रही थीं और बेटी जाह्नवी को स्कूल भेजने की तैयारी चल रही थी। उसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की छत और दीवारें ढह गईं। घर में आग लग गई और कुछ ही देर में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
मासूम की मलबे में दबकर मौत
घटना के समय जाह्नवी घर के अंदर मौजूद थी। धमाके के बाद पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग पर काबू पाने के बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया, जहां से 4 वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ।
परिवार को बचाने पहुंचे दादा भी झुलसे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके के समय प्राण सिंह के पिता फूल सिंह प्रजापति घर के बाहर बैठे थे। विस्फोट के बाद वे परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए घर के अंदर दौड़े, लेकिन आग की चपेट में आकर स्वयं भी झुलस गए।
सिलेंडर विस्फोट या पेट्रोल-डीजल से आग?
प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं सामने आई हैं। जानकारी के मुताबिक प्राण सिंह किराना दुकान के साथ खुले में डीजल-पेट्रोल बेचने का काम भी करते थे। प्रशासन को आशंका है कि घर में रखे ज्वलनशील पदार्थ में आग लगने से विस्फोट हुआ हो सकता है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि घर में तीन गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें से एक सिलेंडर फटने से हादसा हुआ। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। र को भी ग्वालियर भेजा गया है।