महाशिवरात्रि के दिन शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, भंडारे में शामिल हुआ पूरा गांव, सरपंच ने खुद परोसा प्रसाद
रीवा: देशभर में 15 फरवरी 2026 यानी आज के दिन महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बबैया ग्राम पंचायत के बेलरी गांव में शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में शिव मंदिर की स्थापना की गई। ग्राम पंचायत बबैया की सरपंच सरोज रामभूषण तिवारी ने इस मौके पर सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
महाशिवरात्रि के दिन हुए नर्मदेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के नारे लगाते हुए प्राण प्रतिष्ठा की। बता दें कि इस मंदिर का निर्माण रिटायर्ड डेप्युटी रेंजर देवराज तिवारी के द्वारा कराया गया है।
विशाल भंडारे का आयोजन
महाशिवरात्रि के मौके पर इस मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का प्रसाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। ग्राम पंचायत बबैया के सम्नानित नागरिक राजेन्द्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि यह आस्था और प्रेम का उदाहरण है। बेलरी में शिव मंदिर की स्थापना से इस गांव में महादेव की कृपा बनी रहेगी।
सरपंच ने अपने हाथों से परोसा खाना
भंडारे में बबैया ग्राम पंचायत की सरपंच सरोज रामभूषण तिवारी ने अपने हाथों से लोगों को खाना परोसा और सभी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास के लिए जो भी जरूरी होगा वह काम किया जाएगा। विकास कार्य में किसी तरह की बाधा नहीं आने देंगे। इस दौरान एसपी तिवारी, नीलेश तिवारी, विकास तिवारी, गोलू तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।