प्रदेश

मुरादाबाद में नमाज के दौरान हंगामा, सहारनपुर में फहराया फिलिस्तीन का झंडा

Eid Al Fitr Namaz : उत्तरप्रदेश। ईद के अवसर पर मुरादाबाद में बवाल हो गया और सहारनपुर में फिलिस्तीन का झंडा फहराया गया। दोनों स्थानों पर पुलिस - प्रशासन ने स्थति संभाली हुई है। मुरादाबाद में नमाज पढ़ने आए कुछ लोगों की पुलिस से जमकर बहस भी हुई लेकिन पुलिसकर्मियों का कहना है कि, स्थिति नियंत्रण में है।

मुरादाबाद में ईदगाह मैदान में नमाज के दौरान हंगामा हुआ। लोगों के विरोध करने पर उनकी पुलिस से नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ नमाजियों को रोक दिया गया था, जिसके चलते भीड़ नाराज हो गई थी। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और शांतिपूर्ण तरीके से नमाज़ अदा हुई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने नमाजियों को ईदगाह में प्रवेश करने से रोक दिया क्योंकि अंदर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बाद फिर से नमाज अदा की गई।

मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि, "सभी जगह नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई है। पिछले 5-6 दिनों से तैयारियां चल रही थीं। नमाज अदा होने के बाद कुछ लोग ईदगाह में नमाज पढ़ना चाहते थे। इमाम से उनकी बातचीत हुई और अब वे फिर से शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।"

इधर सहारनपुर में ईद की नमाज के बाद कुछ मुस्लिमों ने फिलिस्तीन का झंडा लहराया। कुछ नमाजियों के हाथ पर काली पट्टी भी बंधी हुई थी। नमाज पढ़ने आए कुछ लोगों ने फिलिस्तीन के समर्थन में नारे भी लगाए। दोनों ही घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

मेरठ में भी बवाल :

मेरठ में ईद की नमाज के बाद मुस्लिमों ने एक पोस्टर लहराया है। इस पर लिखा था- सड़कों पर सिर्फ मुस्लिम नमाज नहीं पढ़ते हैं। हिन्दू होली सड़कों पर मनाता है, शिवरात्रि सड़कों पर मनाता है, कांवड़िया सड़क पर निकलता है, रामनवमी यात्रा सड़क पर करता है, दिवाली पर पटाखे सड़क पर फोड़ता है, गणेश चतुर्थी सड़कों पर मनाता है।