रांझी के मढ़ई में हिंदू संगठनों ने धर्म परिवर्तन क

मकान में चल रहा था कन्वर्जन का खेल, पादरी व एक महिला को लिया हिरासत में

रांझी के मढ़ई में हिंदू संगठनों ने किया जमकर प्रदर्शन

रांझी के मढ़ई स्थित एक मकान में हिंदुओं का कन्वर्जन कराए जाने के आरोप एक ईसाई मिशनरी पर लगे हैं। जैसे ही यह खबर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को लगी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रविवार को उस मकान पर पहुंच गए और जमकर विरोध-प्रदर्शन व नारेबाजी की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को समझाइश दी।

पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक साहित्य भी बरामद किया है तथा लक्ष्मी नाम की एक महिला और एक पादरी को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि उक्त मकान में कन्वर्जन का यह खेल कई महीनों से चल रहा था, जिसकी किसी को भनक तक नहीं थी। हालांकि, एक युवती ने इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

पिंकी बेन नाम की युवती ने बताया कि उसकी पहचान काफी समय पहले लक्ष्मी नाम की एक महिला से हुई थी, जिसे उसने अपनी पारिवारिक परेशानियों के बारे में बताया था। इस पर महिला ने उसे वहां आने के लिए कहा। जब पिंकी बेन रविवार को वहां पहुंची, तो वहां हिंदुओं को बहला-फुसलाकर और लालच देकर ईसाई बनने के लिए दबाव डाला जा रहा था। उसने तुरंत इसकी सूचना हिंदू संगठनों को दी। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, तब जाकर हंगामा शांत हुआ। इसके बाद सभी लोग रांझी थाने पहुंचे, जहां भी काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

धन और समस्या के समाधान का दिया लालच

पिंकी बेन ने बताया कि वहां मौजूद एक पादरी ने न केवल धन का लालच दिया, बल्कि उससे यह भी कहा कि यदि वह ईसाई बन जाएगी तो उसकी सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उसके बच्चों की फीस भरने का भी आश्वासन दिया गया। साथ ही उसे रुपए देने की बात कही गई। इतना ही नहीं, बल्कि यह भी कहा गया कि यदि वह अन्य हिंदुओं को वहां लेकर आएगी तो उसे तीन हजार रुपए प्रति व्यक्ति कमीशन भी दिया जाएगा।

साहित्य में लिखा- हिंदुओं को बेघर करो

विश्व हिंदू परिषद के महेश कुमार शुक्ला ने बताया कि जब वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां हिंदुओं को ईसाई बनाने की कोशिश की जा रही थी। मौके से आपत्तिजनक साहित्य भी मिला है, जिसमें लिखा है कि "हिंदुओं को बेघर करो, इन दुष्टों को मार डालो।" इसके अलावा हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों से संबंधित साहित्य भी बरामद किया गया है।उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस से की है। उनका कहना है कि जिस मकान में कन्वर्जन कराया जा रहा था, उस पर भी अवैध रूप से कब्जा किया गया है।