भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर अब यात्रियों को 4 घंट

राजाभोज एयरपोर्ट पर पैसेंजर को बड़ी सुविधा, अब 4 घंटे मिलेगी मुफ्त वाई-फाई फैसिलिटी

भोपाल।  मध्य प्रदेश के एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अब यहां से फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों को मोबाइल डेटा की चिंता नहीं करनी होगी। दरअसल,  नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने शुक्रवार को कोयंबटूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से देश के 39 हवाई अड्डों पर नि:शुल्क वाई-फाई सेवा का शुभारंभ किया। इन्हीं हवाई अड्डों में एक नाम एमपी की राजधानी भोपाल स्थित राजाभोज एयरपोर्ट का भी है। इस एयरपोर्ट पर भी अब यात्रियों को 4 घंटे की नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

एयरपोर्ट पर 4 घंटे तक फ्री वाई-फाई

एयरपोर्ट के निदेशक रामजी अवस्थी ने बताया कि इस सुविधा के अंतर्गत यात्रियों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करने भोपाल विमानतल के विभिन्न स्थानों पर 06 हाई-स्पीड वाई-फाई एक्सेस पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इसके माध्यम से यात्रियों को न्यूनतम 1 एमबीपीएस की इंटरनेट गति उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे प्रतीक्षा के दौरान कार्य, संचार, मनोरंजन कर सकें। 

यात्री एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध अधिकृत वाई-फाई नेटवर्क का चयन कर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से सरल सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हाई-स्पीड वाई-फाई सुविधा टोकन-आधारित सत्यापन प्रक्रिया मे आई हेल्प यू काउंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास

वाई-फाई उपयोग में किसी भी प्रकार की असुविधा होने की स्थिति में यात्री एयरपोर्ट परिसर में स्थापित उक्त काउंटर से संपर्क कर कर सकते हैं।  उन्होंने बताया कि भोपाल एयरपोर्ट यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।