छत्तीसगढ़ के रायपुर में GATE परीक्षा के दौरान ब्लू

रायपुर में GATE परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल, 3 'मुन्ना भाई' और 3 साल्वर गिरफ्तार

रायपुरः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में GATE परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल कराने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने परीक्षा देने आए तीन परीक्षार्थियों समेत तीन साल्वरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह एक अभ्यर्थी से दो लाख रुपए लेकर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कराता था। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।

हरियाणा से जुड़ा है नकल सिंडिकेट

पुलिस के मुताबिक गिरोह के तार हरियाणा से जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सुमित सहवाग, नरेंद्र कुमार और बंटी कुमार शामिल हैं, जिनमें दो बीटेक डिग्रीधारी हैं। ये लोग हरियाणा के दर्शन सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की और अमर को परीक्षा में पास कराने रायपुर आए थे। तीनों परीक्षार्थी पहले ही बीटेक कर चुके हैं और एमटेक में प्रवेश के लिए GATE परीक्षा दे रहे थे। इनमें से दो नौकरी भी कर रहे हैं।

यू-ट्यूबर और इंजीनियर बना रहे थे प्लान

जांच में सामने आया कि परीक्षार्थियों ने हरियाणा के नकल सिंडिकेट से संपर्क किया था। सिंडिकेट के सरगना ने यू-ट्यूबर नरेंद्र कुमार और इंजीनियर सुमित सहवाग को कैंडिडेट्स के साथ भेजा। परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से पहले अभ्यर्थियों को सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस दिए गए।

जूतों में छिपाकर ले गए डिवाइस

14 जनवरी को सरोना स्थित एक निजी कॉलेज में परीक्षा आयोजित थी। तीनों परीक्षार्थी ब्लूटूथ ईयर डिवाइस जूतों में छिपाकर परीक्षा हॉल में पहुंचे। तय समय पर डिवाइस एक्टिव किया गया और बाहर बैठे साल्वर मोबाइल फोन के जरिए उत्तर बताने लगे।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर केंद्र प्रभारियों ने पुलिस को सूचना दी। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। परीक्षा देने आए छात्र और नकल कराने वाले सिंडिकेट के दोनों सदस्यों को आरोपी बनाया गया है।

बरामद हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण

पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 अन्य ब्लूटूथ डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। साथ ही नकल से संबंधित सामग्री भी बरामद की गई है।

आगे की जांच जारी

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्होंने हरियाणा के कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस का कहना है कि सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।