रायपुर डबल मर्डर: बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी-बेटी की हत्या, खुद किया सरेंडर
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव की है, जहां सुबह यह वारदात हुई। आरोपी गुलाब साहू ने पहले पत्नी लता साहू पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद उसने 22 वर्षीय बेटी चित्रा साहू को भी मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद थाने पहुंचकर सरेंडर किया और वजह बताई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का किराएदार से संबंध था। उसका आरोप है कि दोनों मां-बेटी उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं। इसी से परेशान होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
किराएदार पर भी लगाए गंभीर आरोप
आरोपी ने दावा किया कि किराएदार ने उसकी पत्नी को बहकाया था। उसके अनुसार, घर, गाड़ी और पैसों का लालच देकर परिवार में दरार डाली गई। वह कहता था कि बेटी को गोद लेकर अलग जीवन बिताने की बात करता था।
पहले से बर्खास्त था आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गुलाब साहू को पहले ही सेवा से बर्खास्त किया जा चुका था। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, लता साहू ने करीब चार साल पहले गुलाब साहू से दूसरी शादी की थी। चित्रा, लता की पहली शादी से बेटी थी। परिवार में पिछले कुछ समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।