इबोला खतरे पर रायपुर एयरपोर्ट में अलर्ट मोड! हर यात्री की होगी निगरानी, तैनात होगे नोडल अधिकारी
रायपुर। दुनिया के कई देशों में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने एहतियात बढ़ा दिए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी करते हुए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय ने यात्रियों की स्क्रीनिंग, संदिग्ध मरीजों की पहचान और आपातकालीन मेडिकल प्रबंधन को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। एयरपोर्ट परिसर में अब विशेष नोडल अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे। सरकार का फोकस संक्रमण को शुरुआती स्तर पर ही रोकने और किसी भी संभावित खतरे से निपटने पर है।
एयरपोर्ट पर तैनात होंगे स्पेशल नोडल अधिकारी
स्वास्थ्य विभाग के आदेश के मुताबिक रायपुर एयरपोर्ट पर एक विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। यह अधिकारी एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच व्यवस्था की निगरानी करेगा। साथ ही यात्रियों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया को समन्वित करने और किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी संभालेगा। राज्य सर्विलेंस अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों के बाद एयरपोर्ट प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।
लक्षण मिलने पर तुरंत होगा आइसोलेशन
स्वास्थ्य विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि एयरपोर्ट पर आने वाले बाहरी और अंतरराज्यीय यात्रियों की विशेष निगरानी की जाए। अगर किसी यात्री में इबोला संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे तुरंत आइसोलेट किया जाएगा। इसके बाद रेफरल और इमरजेंसी मेडिकल मैनेजमेंट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य संक्रमण को फैलने से पहले नियंत्रित करना है।
मेडिकल टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश
एयरपोर्ट पर तैनात मेडिकल टीमों को जरूरी सुरक्षा उपकरणों और संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने PPE किट, मेडिकल सपोर्ट सिस्टम और इमरजेंसी रिस्पॉन्स को लेकर भी तैयारी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित एजेंसियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने को कहा गया है। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते सतर्कता ही संक्रमण रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
राज्य सर्विलेंस अधिकारी की ओर से जारी पत्र की जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है। सरकार फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाने की तैयारी में है। रायपुर एयरपोर्ट को राज्य में बाहरी यात्रियों का प्रमुख प्रवेश केंद्र माना जाता है। इसलिए यहां निगरानी बढ़ाई गई है।