रेलवे ने भोपाल मंडल के कर्मचारियों और पेंशनर्स को

रेलवे की एडवाइजरी: फर्जी कॉल से सतर्क रहें कर्मचारी और पेंशनर्स

पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। रेल प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कुछ अज्ञात लोग रेल अधिकारियों के नाम पर फर्जी कॉल कर बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

रेल अधिकारियों के नाम पर मांगी जा रही गोपनीय जानकारी

प्रशासन के अनुसार, सेवानिवृत्त और सेवानिवृत्ति के करीब कर्मचारियों को टारगेट कर कॉल किए जा रहे हैं। कॉल करने वाले व्यक्ति खुद को रेलवे अधिकारी बताकर बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पिन और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी मांग रहे हैं।

रेलवे ने बताया-पूरी तरह फर्जी हैं ऐसे कॉल

सीनियर डीसीएम सौरभ कटाया ने स्पष्ट किया है कि रेलवे का कोई भी अधिकारी या विभाग फोन पर इस तरह की जानकारी कभी नहीं मांगता। ऐसे कॉल पूरी तरह से धोखाधड़ी का प्रयास हैं.

कर्मचारियों के लिए जारी की गई सलाह

  • फोन पर कभी भी OTP, PIN या पासवर्ड साझा न करें
  • किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
  • संदिग्ध कॉल करने वाले के दबाव में न आएं
  • किसी भी जानकारी की पुष्टि संबंधित कार्यालय या बैंक शाखा से करें
  • ऐसे मामलों की तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों को दें  

1930 हेल्पलाइन पर करें शिकायत

अगर किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन (1930) पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा नजदीकी रेलवे कार्यालय को भी सूचना देने को कहा गया है।

भोपाल मंडल में 14,500 से अधिक कर्मचारी-पेंशनर्स

जानकारी के अनुसार, भोपाल मंडल में करीब 14,500 कर्मचारी, अधिकारी और पेंशनर्स कार्यरत या जुड़े हुए हैं, जिन्हें इस तरह की साइबर ठगी से सतर्क रहने की जरूरत है।