मध्यप्रदेश में बड़ा फैसला, शहरों में 90 दिन में पी

MP में PNG नहीं लिया तो 90 दिन में बंद होगा एलपीजी कनेक्शन, सरकार का बड़ा फैसला

PNG Connection In MP CIty

भोपाल। घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग शहरों में 25 दिन और गांवों में 45 दिन के अंतराल में हो रही है। प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, पीएनजी एवं सीएनजी की कमी नहीं है। सभी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन संस्थाओं को अगले 3 माह में 2 लाख नये पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य दिया गया है। जो उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन नहीं लेंगे, तो अगले 90 दिनों मेें उनके एलपीजी कनेक्शन स्वत: बंद कर दिए जाएंगे। ये निर्णय मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित मंत्रिमण्डल समिति के सदस्यों ने ली। 

बैठक में समिति ने साफ कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। क्रूड ऑयल की पर्याप्त उपलब्धता से पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार आपूर्ति हो रही हैं। लोग पैनिक ना हो। बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, एसएमएसई मंत्री चैतन्य काश्यप, अपर मुख्य सचिव खाद्य रश्मि अरूण शमी, आयुक्त खाद्य कर्मवीर शर्मा और ऑयल कम्पनी के स्टेट नोडल ऑफिसर अजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे। 

श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में भारत सरकार के निर्देशानुसार 70 प्रतिशत की सीमा के अधीन कामर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शुरूआत में 20 प्रतिशत इनकी आपूर्ति हो रही थी। प्रशासन ने अभी तक 3226 स्थानों पर कार्यवाही कर 3872 सिलेंडर जब्त कर 11 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज की है।

तीन माह के भीतर ले पीएनजी कनेक्शन

बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश के जिन शहरों में पाइप-लाइन बिछ गई है, उसके आसपास के उपभोक्ताओं को ऑयल कम्पनी ने कहा हैकि वे पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करने के लिये तत्काल आवेदन करें। इसके बाद पीएनजी कनेक्शन प्राप्त नहीं करने पर अगले 3 माह में एलपीजी का कनेक्शन बंद किया जा सकता है। सभी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन संस्थाओं को पाइपलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए। उनसे कहा गया कि ये संस्थाएं कैंप आयोजित कर उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने प्रेरित करें।

10 संस्थाओं को दी पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने का लक्ष्य 

बैठक में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के तहत प्रदेश में कार्यरत 10 संस्थाओं को पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की मांग और शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। पीएनजी पाइप लाइन जिन क्षेत्रों में बिछ चुकी है, वहां आवासीय परिसर, स्कूल, हॉस्टल, कॉलेज, कम्युनिटी किचन और आंगनवाड़ी केंद्रों को आवेदन प्राप्त होने के 5 दिन में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा है।

 पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की निगरानी के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर, एडीएम, जिला आपूर्ति अधिकारी और संबंधित सीजीडी संस्थाओं के अधिकारी समीक्षा करेंगे। प्रदेश के इन स्थानों से पीएनजी कनेक्शन के लिए घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ता तत्काल आवेदन करें। ये संस्थाए और इनका संपर्क नबंर इस प्रकार है : अवंतिका गैस लिमिटेड- इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर 9424098887, गैल गैस लिमिटेड    - देवास, रायसेन, शाजापुर, सीहोर 7880001788, नवेरिया गैस लिमिटेड -धार 07292-223311, थिंक गैस -भोपाल, राजगढ़, शिवपुरी     1800-5727-107, आईओसीएल - गुना 9425991090, मउगंज, रीवा 9424836488, अशोकनगर 9425119522, मुरैना 7223982333, बीपीसीएल - मैहर, सतना, शहडोल 9424738607, सीधी, सिंगरौली 9424341954, गुजरात गैस लिमिटेड - रतलाम 7412230292 शामिल है। 

24 घंटे में पाइप-लाइन बिछाने होगा आरओयू 

बता दें कि केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार पीएनजी कनेक्शन प्रदाय करने के लिये नगरीय प्रशासन एवं विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण एवं म.प्र. औद्योगिक विकास निगम द्वारा सीजीडी संस्थाओं को उनके आवेदन करने के 24 घंटे में पाइप-लाइन बिछाने की आरओयू अनुमति दिये जाने के आदेश जारी किए गए हैं। विभाग 10 से अधिक आरओयू आवेदनों की 24 घंटे के अंदर स्वीकृति जारी कर देगा।