नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी हिंसक र

नोएडा में दूसरे दिन भी बवाल: पुलिस से झड़प, पथराव; 300 से ज्यादा गिरफ्तार

गौतमबुद्धनगर: Noida में फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन मंगलवार को भी हिंसक हो गया। सेक्टर-121, 70 और 80 में बड़ी संख्या में मजदूर सड़कों पर उतर आए और पुलिस के साथ झड़प हुई। कई जगहों पर पुलिस वाहनों पर पथराव किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया।

भारी सुरक्षा बल तैनात, ड्रोन से निगरानी

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की है। पीएसी और आरएएफ 15 कंपनियां तैनात की। 26 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, सुबह से औद्योगिक क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया और सीसीटीवी और ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है. पुलिस के अनुसार अब तक 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सरकार ने बढ़ाई मजदूरी, फिर भी प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात न्यूनतम मजदूरी में करीब 3000 रुपये तक की बढ़ोतरी का आदेश जारी किया। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल से लागू मानी जाएगी। इसके बावजूद कुछ इलाकों में प्रदर्शन जारी रहा, जिससे प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ी।  कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नोएडा की सड़कों पर जो हो रहा है, वह देश के श्रमिकों की अनसुनी आवाज है। उन्होंने इसे “श्रमिकों की आखिरी चीख” बताते हुए सरकार पर उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। 

पहले दिन भी हुई थी भारी हिंसा

सोमवार को भी मजदूरों का प्रदर्शन उग्र हो गया था।

  • 350 से ज्यादा फैक्ट्रियों में तोड़फोड़
  • 50 से अधिक वाहन जलाए गए
  • 150 से ज्यादा वाहनों को नुकसान
  • पुलिस पर पथराव

करीब 42 हजार कर्मचारी 9 अप्रैल से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

प्रशासन सख्त, नुकसान की भरपाई होगी

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई आरोपियों से कराई जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले कई समूहों की पहचान भी की गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी।