भोपाल को मिलेगा नया स्टेशन, निशातपुरा बना मंडल का पांचवां सर्वसुविधायुक्त रेलवे हब
भोपाल। राजधानीवासियों को रानी कमलापति, भोपाल, संतनगर, मिसरोद के अलावा निशातपुरा के रूप में जल्द ही पांचवां रेलवे स्टेशन मिलने जा रहा है। रेल मंत्रालय ने निशातपुरा रेलवे स्टेशन कमीशनिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। बुनियादी सुविधाएं पूरी होने के साथ ही निशातपुरा रेलवे स्टेशन ट्रेनों के हॉल्ट और यात्रियों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही 8 ट्रेनों के स्टॉपेज यहां शुरू हो जाएंगे।
भोपाल रेल मंडल को निशातपुरा में यात्री सुविधाओं में इजाफा करने के लिए नए प्रोजेक्ट रेल मंत्रालय ने दिए है। बता दें कि यात्री सुविधाओं में वृद्धि करने के लिए भोपाल रेल मंडल ने माल परिवहन, टिकट चेकिंग अभियान, स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर आमदनी में 14 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी है।
यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध
निशातपुरा स्टेशन का निर्माण छोला स्थित हनुमान मंदिर के बगल में किया गया है। रेलवे ने यहां दो प्लेटफार्म समेत यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई है। बाकी काम भी जल्द ही पूर्ण हो जाएगा। नए अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस इस स्टेशन के बनने से भोपाल के निवासियों को इंदौर, उज्जैन और रतलाम की ओर रेल यात्रा करने में आसानी होगी।
भोपाल स्टेशन पर दबाव, आउटर पर खड़ी करनी पड़ती ट्रेनें
वर्तमान में भोपाल स्टेशन पर ट्रेन ट्रैफिक का दबाव बहुत अधिक है। पूरा रात, शाम और सुबह के समय एक साथ लगभग 210 जोड़ी ट्रेनों की आवाजाही होती है। प्रत्येक ट्रेन की पीछे आने वाली ट्रेन के बीच का समय अंतराल मुश्किल से 10 मिनट होता है। इस वजह से प्लेटफार्म पर ट्रैक खाली नहीं हो पाता। इससे पीछे आ रही ट्रेनों को मजबूरीवश आउटर पर खड़ी करना पड़ता है। ठीक यही स्थिति संत हिरदाराम नगर में भी होती है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि निशातपुरा स्टेशन बन जाने से ट्रैफिक का दबाव भोपाल और संत हिरदाराम नगर में कम हो जाएगा।
इन ट्रेनों को निशातपुरा स्टेशन पर मिलेगा ठहराव
1. ट्रेन 12919/12920 डा. आंबेडकर नगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस।
2. ट्रेन 19421/19422 अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद (रविवार/मंगलवार) साप्ताहिक एक्सप्रेस।
3. ट्रेन 19321/19322 इंदौर-पटना-इंदौर (शनिवार/सोमवार) साप्ताहिक एक्सप्रेस।
4. ट्रेन 14319/14320 इंदौर-बरेली-इंदौर (गुरुवार/बुधवार) साप्ताहिक एक्सप्रेस।
5. ट्रेन 19313/19314 इंदौर-पटना-इंदौर (सोमवार, बुधवार/बुधवार, शुक्रवार) द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस।
6. ट्रेन 22911/22912 इंदौर-हावड़ा-इंदौर क्षिप्रा (मंगलवार, गुरुवार, शनिवार/सोमवार, गुरुवार, शनिवार) त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस।
7. ट्रेन 14115/14116 डा. आंबेडकर नगर-प्रयागराज जंक्शन-डा. आंबेडकर नगर एक्सप्रेस (प्रतिदिन)
8. ट्रेन 22829/22830 भुज-शालीमार-भुज एक्सप्रेस।