CM Mohan Indore: मुस्लिम महिलाओं ने किया UCC का समर्थन, किया CM मोहन का स्वागत
CM Mohan Indore: समान नागरिक संहिता को लेकर मध्य प्रदेश में जनता का समर्थन देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर दौरे के दौरान सर्वसमाज और आम जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने भी प्रदेश में यूसीसी विधेयक पारित होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने इंदौर में लवकुश लेवल-2 फ्लाईओभर ब्रिज की नई लेन का शुभारंभ भी किया।
क्या बोले सीएम मोहन?
इंदौर में आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों ने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां सभी नागरिकों को समान अवसर और समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज वही सपने साकार हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश की जनता को UCC विधेयक के विधानसभा में पारित होने की बधाई दी और कहा कि विवाह, तलाक, गोद लेने और उत्तराधिकार जैसे मामलों में अब चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, ईसाई हो या पारसी सबके लिए एक ही समान कानून लागू होगा।
इंदौर को मिली बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने इंदौर के विकास की सराहना करते हुए कहा कि इंदौर हमेशा प्रदेश के विकास के लिए नए रास्ते खोलता है। इंदौर में तैयार डबल-डेकर और मल्टी-लेवल ब्रिज तकनीक का उदाहरण हैं, जहां नीचे सड़क, उसके ऊपर मेट्रो/रेल और उसके ऊपर एक और फ्लाईओभर ब्रिज की संरचना तैयार की जा रही है। उन्होंने इंदौरवासियों को इस आधुनिक फ्लाईओवर की सौगात मिलने पर बधाई दी।