मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी 1 अप्रैल से शुरू होगी।

भोपाल समेत 4 संभाग में 1 अप्रैल से गेहूं खरीदी, किसानों को मिलेगा बोनस

 मध्य प्रदेश में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी दो चरणों में शुरू की जाएगी। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 1 अप्रैल से खरीदी शुरू होगी, जबकि बाकी संभागों में 7 अप्रैल से प्रक्रिया प्रारंभ होगी। शासकीय कार्य दिवसों में खरीदी का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक तय किया गया है, जिससे अधिक से अधिक किसान सुविधा के साथ अपनी उपज बेच सकें।

किसानों को राहत, MSP पर 40 रुपये बोनस

राज्य सरकार ने इस बार किसानों को अतिरिक्त लाभ देने के लिए गेहूं पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय लिया है। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार, बोनस सहित किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें बेहतर मूल्य उपलब्ध कराना है।

19 लाख से ज्यादा किसानों ने कराया पंजीयन

इस वर्ष गेहूं उपार्जन के लिए प्रदेश में 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले काफी अधिक है। उज्जैन, इंदौर, भोपाल, सीहोर और राजगढ़ जैसे जिलों में बड़ी संख्या में किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सरकार का मानना है कि यह बढ़ता आंकड़ा किसान हितैषी नीतियों पर भरोसे को दर्शाता है।

खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाओं का दावा

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि इस बार खरीदी प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया गया है। सभी खरीदी केंद्रों पर पेयजल, छाया, पंखों सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर

सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित हो। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को भुगतान समय पर मिले और किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।