यात्रीगण ध्यान दें! कोटा जंक्शन ब्लॉक के चलते ट्रेनों का रूट बदला, जानें कब तक होगी परेशानी
मध्य प्रदेश से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। कोटा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-1 के पुनर्विकास कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने 15 अप्रैल से 4 मई तक 20 दिनों का ब्लॉक लिया है। इस अवधि में कई ट्रेनों के मार्ग और संचालन में बदलाव किया गया है।
दयोदय और भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के रूट में बदलाव
रेलवे के अनुसार, भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814/14813) और दयोदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12181/12182) का मार्ग अस्थायी रूप से बदल दिया गया है। अब ये ट्रेनें कोटा जंक्शन के बजाय सोगरिया-कोटा चंबल केबिन-गुड़ला मार्ग से संचालित होंगी। इस दौरान ये ट्रेनें कोटा जंक्शन को बाईपास करेंगी और सोगरिया स्टेशन पर निर्धारित समय के अनुसार ठहराव लेंगी।
इस बदलाव के कारण यात्रियों को कोटा जंक्शन से चढ़ने या उतरने की योजना में संशोधन करना होगा।
बीना-कोटा मेमू ट्रेनों का संचालन प्रभावित
बीना-कोटा मेमू (11604) और बीना-कोटा मेमू (61634) ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। ये दोनों ट्रेनें अब कोटा जंक्शन तक नहीं जाएंगी और सोगरिया स्टेशन पर ही समाप्त होंगी। वापसी में भी इनका संचालन सोगरिया स्टेशन से ही किया जाएगा।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और स्टॉपेज की जानकारी जरूर जांच लें। खासतौर पर कोटा रूट से यात्रा करने वाले यात्रियों को नए शेड्यूल के अनुसार अपनी योजना बनानी चाहिए।