मध्य प्रदेश में 2026 में 66 अधिकारियों को आईएएस और

MP में 66 अधिकारियों को मिलेगा IAS-IPS कैडर, 6 साल से चली आ रही कमी होगी दूर

प्रमोद दुबे

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की लंबे समय से बनी कमी को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। वर्ष 2026 में राज्य के कुल 66 अधिकारियों को आईएएस और आईपीएस कैडर अवार्ड मिलने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इनमें 39 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और 27 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति के आधार पर शामिल किया जाएगा।

प्रदेश सरकार के लिए यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है क्योंकि पिछले करीब छह वर्षों से आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की कमी प्रशासनिक व्यवस्था के सामने चुनौती बनी हुई थी। अधिकारियों की नियुक्ति के बाद शासन और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग ने पूरी की प्रक्रिया

मंत्रालय सूत्रों के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग ने पदोन्नति के लिए भेजे जाने वाले नामों पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) और गोपनीय प्रतिवेदन (CR) से संबंधित प्रक्रिया के लिए भी निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारियों में से 13 पदों के लिए कुल 39 नामों का पैनल तैयार किया गया है। ये नाम मुख्य रूप से वर्ष 2007 और 2008 बैच के अधिकारियों में से चयनित किए गए हैं।

1997 और 1998 बैच के अधिकारियों को मिल सकता है IPS कैडर

आईपीएस अवार्ड के लिए गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की सूची तैयार की है। इस प्रक्रिया में वर्ष 1997 और 1998 बैच के अधिकारियों को शामिल किया गया है। कुल 27 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा है। यदि विभागीय और केंद्रीय स्तर की प्रक्रिया तय समय पर पूरी हो जाती है तो वर्ष 2026 की डीपीसी के बाद इन अधिकारियों को आईपीएस कैडर आवंटित किया जा सकता है।

किन अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं?

आईएएस पदोन्नति के लिए जिन अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया है, उनमें मनीष पांडे, इला तिवारी, नीति राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी, नागेंद्र वर्मा, प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव, निधि सिंह राजपूत, निमिषा जायसवाल और संदीप सोनी सहित कुल 39 अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं आईपीएस कैडर के लिए राज्य पुलिस सेवा के राजेश मिश्रा, मले जैन, अमित सक्सेना, मनीष सोनी, सुमन गुर्जर, संदीप मिश्रा, समर वर्मा और सचिन सिंह तोमर सहित 27 अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया है।