मध्य प्रदेश में तापमान 43 डिग्री पार पहुंच गया है।

मध्य प्रदेश में 43 डिग्री की झुलसाती गर्मीः 20 जिलों में लू का अलर्ट, भोपाल सहित कई जिलों में स्कूलों का समय बदला

भोपाल: मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब विकराल रूप ले लिया है। कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि तेज धूप और लू के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 20 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है भीषण गर्मी के बीच छोटे बच्चे स्कूल जाने को मजबूर हैं। कई जगहों पर छात्रों ने कहा कि इतनी तेज गर्मी में पढ़ाई मुश्किल हो गई है और अब छुट्टियां घोषित कर दी जानी चाहिए।

 कई जिलों में बदला स्कूल टाइम

स्थिति को देखते हुए कुछ जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।

  • भोपाल में सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक 
  • रायसेन और अनूपपुर: सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक
  • डिंडौरी: नर्सरी से 8वीं तक सुबह 7:30 से 12 बजे तक
  • मैहर: नर्सरी से 12वीं तक सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक

 कई शहरों में रिकॉर्ड तोड़ तापमान

गुरुवार को नर्मदापुरम में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक है। रतलाम में 42.8 डिग्री के साथ दूसरा स्थान रहा। इसके अलावा धार, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और अन्य जिलों में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं।

 प्रमुख शहरों का तापमान

  • दमोह, मंडला: 42°C
  • शाजापुर: 41.8°C
  • गुना: 41.7°C
  • टीकमगढ़, छिंदवाड़ा: 41.5°C
  • उमरिया, श्योपुर: 41.4°C
  • धार, खजुराहो: 41°C
  • सतना: 40.9°C
  • खरगोन: 40.8°C
  • सागर: 40.7°C
  • दतिया, सीधी: 40.6°C
  • खंडवा, बैतूल: 40.5°C
  • सिवनी, रीवा: 40.4°C
  • नौगांव: 40.2°C

 मौसम विभाग की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत की संभावना कम है और लोगों को दिन के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।