हवालाकांड पर CM का एक्शन: गुना SP हटे, सीधी कलेक्टर पर भी कार्रवाई
भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही और शिकायतों के बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार शाम बड़ा एक्शन लिया। गुना एसपी और सीधी कलेक्टर को हटाने के निर्देश दिए। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई है। दोनों पर एक साथ कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि सरकार अब मैदानी कामकाज को लेकर सख्त मूड में है।
सीएम ने साफ कहा कि अगर अधिकारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं, तो उन्हें फील्ड में रखने से बेहतर है हटाना।
गुना हवालाकांड में SP हटाए गए
दरअसल, गुना में सामने आए हवालाकांड के बाद पुलिस एसपी अंकित सोनी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। मामला करीब 1 करोड़ रुपए की नकद बरामदगी से जुड़ा है। आरोप है कि गुजरात के एक जीरा कारोबारी की कार से कैश पकड़ा गया था, लेकिन 20 लाख रुपए लेकर उसे छोड़ दिया गया। बाद में गुजरात के एक IPS अधिकारी के फोन के बाद कथित तौर पर लिए गए 20 लाख रुपए वापस कर दिए गए।
जांच के बाद कई पुलिसकर्मी सस्पेंड
मामला सामने आने के बाद डीआईजी अमित सांघी गुना पहुंचे और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया। इनमें एएसआई साजिद हुसैन, हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह सिकरवार और कॉन्स्टेबल सुंदर रमन शामिल हैं। शुरुआती जांच में इनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद कार्रवाई आगे बढ़ी।
सीधी में कलेक्टर हटाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सीधी जिले में भी कार्रवाई करते हुए कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को हटाने के निर्देश दिए हैं। सीएम के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से प्रशासनिक कामकाज को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इन्हीं के आधार पर यह फैसला लिया गया।
बैंक जीएम भी निलंबित
सीधी जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई प्रशासनिक स्तर पर मिली शिकायतों की समीक्षा के बाद की गई।
पहले से चल रहा था असंतोष
जानकारी के अनुसार, सीधी जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर लंबे समय से असंतोष था। स्थानीय जनप्रतिनिधि इस मुद्दे को बैठकों में उठा चुके थे और भोपाल में भी शिकायतें की गई थीं।