माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं-12वीं की दूसरी परीक्

MP बोर्ड की दूसरी परीक्षा 7 मई से, 10वीं-12वीं के छात्रों को मिलेगा एक और मौका

भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए दूसरी परीक्षा को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। यह परीक्षा 7 मई से शुरू होगी। बोर्ड ने छात्रों को राहत देते हुए कहा है कि वे आज से एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

किन छात्रों को मिलेगा मौका

मंडल के अनुसार, वे छात्र जो पहली परीक्षा में अनुपस्थित रहे, किसी विषय में फेल हुए हैं या अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे इस दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, जो छात्र पास हो चुके हैं, उन्हें भी अंक सुधार (इम्प्रूवमेंट) का अवसर दिया गया है।

परीक्षा का शेड्यूल और समय

बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार

  • कक्षा 10वीं की परीक्षा: 7 मई से 19 मई तक
  • कक्षा 12वीं की परीक्षा: 7 मई से 25 मई तक

सभी परीक्षाएं एक ही पाली में आयोजित होंगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत दूसरा अवसर

माशिमं के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य के अनुसार, यह द्वितीय अवसर परीक्षा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य छात्रों को एक और मौका देना है, ताकि उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो और वे अपने परिणाम में सुधार कर सकें।

पात्रता और नियम

बोर्ड द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार

  • कक्षा 12वीं में केवल एक विषय में फेल छात्र ही सप्लीमेंट्री परीक्षा के पात्र होंगे
  • कक्षा 10वीं में अधिकतम दो विषयों में फेल छात्र परीक्षा दे सकेंगे
  • पहली परीक्षा में चुने गए विषयों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा

प्रैक्टिकल परीक्षाएं भी साथ होंगी

मंडल ने स्पष्ट किया है कि प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं भी 7 मई से 25 मई के बीच आयोजित की जाएंगी। जिन छात्रों के प्रैक्टिकल में बैकलॉग है, उन्हें केवल उसी विषय या भाग की परीक्षा देनी होगी, जिसमें वे अनुतीर्ण हुए हैं।