“पास कर दो सर…”: MP बोर्ड कॉपियों में छात्रों के इमोशनल मैसेज, टीचर्स भी हैरान
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एमपी बोर्ड परीक्षाओं से जुड़ी एक दिलचस्प खबर सामने आई है। 10वीं और 12वीं की कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान छात्रों द्वारा लिखे गए इमोशनल और अजीब मैसेज चर्चा का विषय बन गए हैं।
55 से ज्यादा कॉपियों में लिखी गईं फरियादें
जानकारी के अनुसार, जिले में 22 फरवरी से 4 अप्रैल तक करीब 2.66 लाख कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। इनमें से 55 से अधिक कॉपियों में छात्रों ने उत्तर लिखने के बजाय टीचर्स से पास कराने की अपील करते हुए संदेश लिखे।
'शादी करवा दूंगा' से लेकर 'मां बीमार है' तक
कई छात्रों ने भावनात्मक अपील करते हुए अलग-अलग तरह के संदेश लिखे। कुछ ने लिखा, 'सर मुझे पास कर दो, आपकी शादी अपनी साली से करवा दूंगा', “मां को कैंसर है, पढ़ाई नहीं हो पाई, मुझे पास कर दीजिए”। करीब 23 कॉपियों में माता-पिता की बीमारी का जिक्र किया गया, जबकि कुछ छात्राओं ने फेल होने पर शादी टूटने की बात लिखी।
पैसे भेजने का ऑफर भी दिया
कुछ मामलों में छात्रों ने अपने मोबाइल नंबर के साथ यह भी लिखा कि उन्हें पास कर दिया जाए, बदले में वे पैसे भेज देंगे। कई कॉपियां पूरी तरह खाली भी पाई गईं, जो मूल्यांकन के दौरान सामने आईं। कॉपी जांचने वाले शिक्षकों का कहना है कि इस तरह के मैसेज हर साल देखने को मिलते हैं। लेकिन इनका मूल्यांकन प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ता। अंक केवल लिखे गए उत्तरों के आधार पर ही दिए जाते हैं।
प्रिंसिपल ने की पुष्टि
ग्वालियर के एक मूल्यांकन केंद्र के प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह आजाद ने ऐसे मैसेज मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं कई बार भावनात्मक या हास्यपूर्ण तरीके से पास होने की अपील करते हैं, लेकिन मूल्यांकन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाता है।
छात्रों को सलाह
शिक्षकों ने छात्रों से अपील की है कि वे ऐसे शॉर्टकट अपनाने के बजाय पढ़ाई पर ध्यान दें। उनका कहना है कि मेहनत से ही सफलता मिलती है और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन का यही एकमात्र तरीका है।
जल्द जारी हो सकता है रिजल्ट
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जल्द जारी किया जा सकता है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि इन इमोशनल अपील करने वाले छात्रों का परिणाम कैसा रहता है।