मध्य प्रदेश बोर्ड ने 2026-27 सत्र के लिए नई प्रवेश

MP Board की नए सत्र के लिए घोषित की प्रवेश नीति, बढ़ी परीक्षा फीस, Best 5 प्रणाली खत्म

MP Board Office News

भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल माशिमं ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 वीं तक की नई प्रवेश नीति जारी कर दी है। इस बार नियमों में सख्ती के साथ-साथ फीस में भी 60 से 80 फीसदी बढ़ोत्री की है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

नई नीति में पहली बार प्रवेश नियमों को सख्त किया गया है। गलत तरीके से प्रवेश देने पर संबंधित प्राचार्य पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और गंभीर मामलों में स्कूल की मान्यता तक रद्द की जा सकती है। वर्षों से लागू बेस्ट ऑफ फाइव प्रणाली को खत्म कर दिया है। अब सभी विषयों के अंक अनिवार्य रूप से जोड़े जाएंगे।

ऑनलाइन होगी प्रवेश प्रक्रिया

माशिमं के अधिकारियों ने कहा है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। 9 वीं कक्षा का नामांकन 15 मई से 30 सितंबर तक होगा। वही 10 वीं-12 वीं के परीक्षा फार्म 15 मई से 15 सितंबर तक भरे जाएंगे। आवेदन में अपार आईडी अनिवार्य होगी। नई नीति में परीक्षा फार्म भरने के सात दिन बाद छात्रों को डमी प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। स्कूल प्राचार्यों को इसे डाउनलोड कर विद्यार्थियों और अभिभावकों से जानकारी का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो उसे निर्धारित समय सीमा में ही सुधारा जा सकेगा। मंडल ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी संस्था द्वारा समय पर घोषणा-पत्र अपलोड नहीं किया गया, तो विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। साथ ही परीक्षा के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन मान्य नहीं होगा।

15 मई से भरेंगे आवेदन, फीस संरचना में बदलाव

नए सत्र 26-27 के लिए 10 और 12 वीं के परीक्षा फार्म 15 मई से भरे जाएंगे। सबसे बड़ा बदलाव फीस में देखने को मिला है, जहां 25 से 80 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। नियमित बच्चों के लिए परीक्षा शुल्क 1200 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये और स्वाध्यायी छात्रों के लिए 1400 रुपए को बढ़ाकर 1600 रुपये कर दिया। इसी तरह 9 वीं कक्षा का नामांकन शुल्क 350 से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है। इसके साथ ही अन्य सेवाओं के शुल्क बढ़ाए गए हैं। 10 साल पुरानी अंकसूची की प्रति अब 600 की जगह 1000 रुपये में मिलेगी। डीएलएड परीक्षा शुल्क में भी वृद्धि कर दी गई है, जिसमें नियमित छात्रों को 7 हजार रुपये तक भुगतान करना होगा।

इस दिन के बीच आ सकता है 10-12वीं का रिजल्ट

मध्यप्रदेश में 10-12 वीं बोर्ड परीक्षाओं के करीब 16 लाख छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। माशिमं ने  परिणाम घोषित करने की संभावित तारीख 7 से 10 अप्रैल का संकेत दिया है। बता दें कि इस बार शिक्षा विभाग समयबद्ध परिणाम पर खास फोकस कर रहा है, ताकि छात्रों का अगला सत्र प्रभावित न हो। माशिमं के अधिकारियों ने बताया कि कॉपियों की जांच, डेटा एंट्री और क्रॉस वेरिफिकेशन जैसे सभी अहम काम अंतिम चरण में चल रहा हैं। अधिकारियों का दावा है कि इस बार रिजल्ट पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित रहेगा।