मोहनपुर खुर्द कन्वर्जन मामले में FIR दर्ज, ईस्टर कार्यक्रम के बाद हुआ था खुलासा
गुना: मध्यप्रदेश के गुना जिले के मोहनपुर खुर्द गांव में कन्वर्जन के मामले में अब प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ईस्टर कार्यक्रम के दौरान सामने आए विवाद के बाद आज इस पूरे प्रकरण में FIR दर्ज की गई है।
ईस्टर कार्यक्रम के बाद सामने आया मामला
मोहनपुर खुर्द में कुछ दिन पहले आयोजित ईस्टर कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों को एकत्र किया गया था। इस आयोजन में भोज और प्रार्थना सभाओं के माध्यम से लोगों को प्रभावित करने के आरोप लगे थे। स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया गया कि “चंगाई” यानी प्रार्थना के जरिए बीमारियों को ठीक करने की बात कही जा रही थी, जिससे अंधविश्वास फैलने की आशंका जताई गई।
कन्वर्जन के आरोप, जांच शुरू
मामले में आरोप है कि कुछ बाहरी और स्थानीय लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से कन्वर्जन की गतिविधियां चलाई जा रही थीं। इसी को लेकर प्रशासन ने अब FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या लोगों को किसी प्रकार का प्रलोभन दिया गया या स्वास्थ्य सेवाओं के बजाय धार्मिक तरीकों को बढ़ावा दिया गया।
आदिवासी समाज की मजबूरी का फायदा उटाया!
इस पूरे मामले में आदिवासी समुदाय की मजबूरी का फयदा उठाने के लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्थिक और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का फायदा उठाकर उन्हें प्रभावित किया जा रहा है। कुछ संगठनों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां क्षेत्र में चल रही हैं।
प्रशासन की भूमिका पर पहले उठे थे सवाल
इस घटना से पहले प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर भी सवाल उठे थे। जिला मुख्यालय के पास इतने बड़े आयोजन के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर आलोचना हुई थी। अब FIR दर्ज होने के बाद माना जा रहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की जाएगी।