लखनऊ में भीषण आग: 50 से ज्यादा झोपड़ियां जलीं, सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 50 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस दौरान 30 से अधिक गैस सिलेंडर फटने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। हादसे के बाद आसपास के करीब 20 मकानों को खाली कराया गया। फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है।
परिवारों पर टूटा दुख, जनहानि की आशंका
घटना में भारी नुकसान की खबर है। एक युवक ने दावा किया कि उसके चार बच्चों की आग में झुलसकर मौत हो गई। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। कई परिवारों का पूरा सामान जलकर राख हो गया, जिससे वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
प्रशासन और सरकार अलर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पालतू मवेशी भी झुलसे
आग की चपेट में कई बेसहारा जानवर भी आ गए। पशु कल्याण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। हादसे के बीच 6 गायों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं, गायों का इलाज जारी। साथ ही घायल जानवरों को नगर निगम की गोशाला भेजा गया।
विपक्ष और केंद्र की प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने सरकार से पीड़ितों के लिए तत्काल भोजन, पानी और रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी जिलाधिकारी से बात कर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने को कहा।
जांच और राहत पर फोकस
कुछ स्थानीय लोगों ने आग लगने के कारणों को लेकर संदेह जताया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्राथमिकता राहत, बचाव और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने पर है।