कोरबा में पति के दोस्त ने किया भरोसे का कत्ल, घर छोड़ने के बहाने महिला को जंगल ले जाकर दरिंदगी
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पति से विवाद के बाद घर छोड़कर निकली एक महिला को उसके पति के परिचित ने मदद का भरोसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला को जबरन शराब पिलाई और फिर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया।
यह मामला बालको थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
खाना बनाने की बात पर पति-पत्नी में हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक पीड़िता दो बच्चों की मां है। 15 मई 2026 की शाम घर में खाना बनाने को लेकर उसका अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद महिला नाराज होकर घर से निकल गई। रात होने पर वह बालको पुल के पास एक सब्जी दुकान के करीब रुकी रही। बाद में सुरक्षित जगह समझकर पास के मंदिर में जाकर रात बिताई।
पति के परिचित पर किया भरोसा
अगली सुबह महिला ऑटो से बालको पहुंची। इसी दौरान उसकी मुलाकात पति के पुराने परिचित जाबिद और उसके साथी निरंजन से हुई। आरोपी जाबिद का महिला के घर पहले से आना-जाना था, इसलिए महिला ने उस पर भरोसा कर लिया। आरोप है कि जाबिद के कहने पर निरंजन महिला को अपने घर ले गया। शाम के समय दोनों ने महिला को घर छोड़ने की बात कही और उसे बाइक पर बैठाकर ले गए।
जंगल में ले जाकर जबरन पिलाई शराब
पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे घर छोड़ने के बजाय लालघाट क्षेत्र की ओर ले गए। सुनसान इलाके में दोनों ने उसे डरा-धमकाकर जबरन शराब पिलाई। इसके बाद महिला को जंगल के भीतर ले जाया गया, जहां एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि बाद में दूसरे आरोपी को भी मौके पर बुलाया गया था।
किसी तरह बचकर रिश्तेदार के घर पहुंची महिला
घटना के बाद आरोपी महिला को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह वहां से निकली और अपनी मामी के घर पहुंचकर पूरी घटना बताई। इसके बाद 19 मई को महिला ने बालको थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल
कोरबा सीएसपी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। दोनों आरोपियों जाबिद और निरंजन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल मामले के अन्य तकनीकी पहलुओं और घटनास्थल से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है।