कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात,पत्नी-बेटे को गोली मारकर ट्रेन के आगे कूदा रिटायर फौजी
कानपुरः उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह सामने आई एक घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। रिटायर्ड फौजी चेतराम पासवान (51) ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से पत्नी और 16 वर्षीय बेटे को गोली मार दी। इसके बाद वह बाइक से रेलवे अंडरपास पहुंचा और ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान करते हुए उसके घर तक पहुंची।
रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, बाइक से हुई पहचान
दरअसल, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कठोगर–इमलीपुर रेलवे अंडरपास के पास एक व्यक्ति मालगाड़ी से कट गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड मिला और पास में खड़ी बाइक से उसकी पहचान चेतराम (51) के रूप में हुई।
पहचान के बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची तो दरवाजा खुला मिला। अंदर का मंजर देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।
घर के अंदर पत्नी-बेटे के शव
घर के कमरे में पत्नी सुनीता वर्मा (40) का शव फर्श पर पड़ा था। उसके सिर में गोली लगी थी। दरवाजे के पास बेटे दीप (16) का शव मिला, जिसे सीने में गोली मारी गई थी। किचन से लेकर बेडरूम तक खून फैला हुआ था।
पास में डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी को गोली मारी गई, फिर आवाज सुनकर कमरे में पहुंचे बेटे को भी निशाना बनाया गया।
कर्ज और पारिवारिक तनाव की चर्चा
चेतराम मूल रूप से घाटमपुर के सेरूआ बखरिया गांव का रहने वाला था। करीब 25 साल पहले उसकी शादी सुनीता से हुई थी। रिटायरमेंट के बाद वह बड़ा चौराहा स्थित स्टेट बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था।
करीब छह महीने पहले उसने बेटी की शादी की थी और तुलसियापुर में नया घर बनवाया था। सूत्रों के मुताबिक, घर निर्माण और शादी में करीब 12 लाख रुपए का कर्ज लिया गया था। बाद में जमीन बेचकर कर्ज चुकाने की बात सामने आई।
पड़ोसियों का कहना है कि घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
फोरेंसिक टीम जुटी, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डबल नली बंदूक, खून के नमूने, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि चेतराम ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो नजदीकी हेल्पलाइन या विश्वसनीय व्यक्ति से तुरंत संपर्क करें। समय पर बातचीत और मदद कई जिंदगियां बचा सकती है।