जबलपुर में भीषण हादसा: डंपर से 500 मीटर तक घिसटती रही कार, हरियाणा के 2 युवक जिंदा जले
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बरेला क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी और उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया। घर्षण और टक्कर के कारण कार में आग लग गई, जिससे दोनों सवार बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।
शारदा मंदिर के पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा जबलपुर-मंडला मार्ग पर बरेला के शारदा मंदिर के पास हुआ। तेज रफ्तार डंपर ने कार को पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद कार डंपर के नीचे फंस गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर के बाद भी डंपर चालक ने वाहन नहीं रोका और कार को काफी दूर तक घसीटता रहा।
500 मीटर तक घिसटने के बाद लगी आग
बताया जा रहा है कि कार लगभग आधा किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। इसी दौरान वह आगे खड़े एक अन्य वाहन से टकरा गई। टक्कर और घर्षण के कारण कार में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।
बाहर निकलने का मौका नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में सवार दोनों युवक अंदर ही फंस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल सका। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने और कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण किसी को सफलता नहीं मिली।
दमकल पहुंची, तब तक हो चुकी थी मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दोनों लोगों की मौत हो चुकी थी कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। शव भी बुरी तरह झुलस गए, जिससे शुरुआती स्तर पर पहचान करना मुश्किल हो गया।
डंपर चालक मौके से फरार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार दोनों मृतक हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस पहचान की आधिकारिक पुष्टि के लिए दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।