इंदौर में 3 दिन से लापता एमबीए छात्रा का निर्वस्त्

इंदौर में 3 दिन से लापता MBA छात्रा का नग्न शव क्लासमेट के कमरे में मिला, आरोपी फरार

Indore Missing MBA Girl Murder

इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव उसके क्लासमेट के किराए के कमरे से निर्वस्त्र अवस्था में मिला। कमरे के बाहर ताला लगा था और छात्रा पिछले तीन दिनों से लापता थी। घटना सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

क्लासमेट के कमरे में मिला शव

द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की अंकल गली स्थित कमरे से बदबू आने की सूचना पर पुलिस पहुंची। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां छात्रा का शव मिला। कमरा मंदसौर निवासी पीयूष धामनोदिया का बताया जा रहा है, जो सांवेर रोड स्थित एक संस्थान में छात्रा के साथ एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद से ही पीयूष लापता है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

10 फरवरी से थी लापता

पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी को छात्रा अपने पिता के साथ घर से निकली थी। उसने आधार कार्ड ठीक कराने की बात कही थी। पिता ने उसे कलेक्टोरेट के पास छोड़ा। वहां से उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया कि वह अपने क्लासमेट पीयूष के साथ बर्थडे पार्टी में जा रही है और रात 11 बजे तक लौट आएगी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी और उसका मोबाइल बंद हो गया।

व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट हुआ वीडियो

उसी रात कॉलेज के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर छात्रा के मोबाइल से एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में युवक का चेहरा इमोजी से ढंका था, जबकि छात्रा का चेहरा साफ दिखाई दे रहा था। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो हटाकर 11 फरवरी को छात्रा के पिता को बुलाया और बताया कि दोनों के फोन बंद हैं।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने छात्रा के मोबाइल से उसके स्टेटस पर भी वीडियो डाले और फोन में सेव संपर्कों को भेजे।

गुमशुदगी की रिपोर्ट और परिजनों के आरोप

परिजन पहले रावजी बाजार थाने पहुंचे, जहां से उन्हें पंढरीनाथ थाने भेजा गया। देर रात गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज की गई। परिवार का आरोप है कि 12 फरवरी को तलाश के दौरान पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई।

परिजनों की आशंका पर एक पुलिसकर्मी पीयूष के कमरे तक भी पहुंचा था, लेकिन बाहर ताला देखकर मकान मालिक को सूचना देने की बात कहकर लौट गया।

बदबू से खुला मामला

शुक्रवार को कमरे से तेज बदबू आने की शिकायत मिली। पुलिस ने ताला खुलवाकर अंदर देखा तो छात्रा का शव मिला। इसके बाद मामला हत्या की दिशा में जांच के दायरे में आ गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार,  इस मामले में पीयूष धनोतिया का नाम सामने आया है। उसके पिता घनश्याम मंदसौर में किराना दुकान चलाते हैं। पीयूष पढ़ाई के लिए इंदौर में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।