इंदौर की दो वर्षीय नव्या ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, 48 सेकेंड में बताए देश के सभी राज्यों की राजधानियों के नाम
इंदौर शहर कई विश्व रिकॉर्ड का साक्षी बन चुका है। इसी क्रम में शहर की दो वर्षीय नव्या बाहेती ने भी एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। नव्या ने महज 48 सेकेंड में भारत के सभी राज्यों की राजधानियों के नाम बताकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके चलते नव्या का नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। जिस दिन उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया, उस समय उनकी उम्र 1 वर्ष, 11 माह और 14 दिन थी।
नव्या के पिता मधुर बाहेती और माता खुशबू राठी बाहेती ने बताया कि उन्होंने नव्या को आज तक मोबाइल और टीवी नहीं दिखाया है।उन्होंने बताया कि जब नव्या एक वर्ष की थी, तभी से उसे राज्यों की राजधानियों के नाम याद करवाना शुरू किया गया था। जब उसने सभी नाम याद कर लिए, तब उसे सभी राजधानियों के नाम एक साथ बोलना सिखाया गया।
एक मिनट 1 सेकेंड का रिकॉर्ड तोड़ा
1 वर्ष, 11 माह और 14 दिन की नव्या बाहेती ने भारत के सभी राज्यों की राजधानियों के नाम केवल 48 सेकेंड में बताकर 1 मिनट 1 सेकेंड के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया और इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
कई भजन और मंत्र भी हैं याद
नव्या को कई भजन और मंत्र भी याद हैं। माता-पिता ने बताया कि उन्होंने उसे भजन और मंत्र सुनाकर तथा बार-बार दोहराकर याद करवाए हैं।